नगर के स्थापना दिवस पर जीवनराम इंटर कालेज छात्रावास के मैदान पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम का ?
- फोटो : MAU
जनपद के स्थापना दिवस पर जिला पर्यटन एवं संस्कृति परिषद की तरफ से नगर स्थित जीवन राम छात्रावास के मैदान में दो दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी अरुण कुमार ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस मौके पर जिलाधिकारी अरुण कुमार ने कहा कि यह हमारे लिए गर्व का विषय है कि आज हम जनपद के स्थापना दिवस को मना रहे हैं।जनपद का पूर्वांचल में विशेष स्थान है। कुछ विशेष कारणों की वजह से जनपद के विकास का पहिया थम सा गया था, परंतु विकास में आने वाली सभी बाधाओं को धीरे-धीरे खत्म किया जा रहा है।
डीएम ने कहा कि जनपद को विकास के पथ पर अग्रसर करने के लिए जिला प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है। अपनी स्थापना के साथ ही जनपद ने पूर्वांचल में अपनी एक विशेष पहचान बनाई है। हम सभी एकजुट होकर इसे और भी आगे ले जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि जनपद मऊ के विकास के लिए जिला प्रशासन हर प्रकार के सहयोग के लिए हमेशा तत्पर हैं। यहां पर उद्योगों के विकास की असीम संभावनाएं है। इस जनपद की भौगोलिक स्थिति भी ऐसी है, जिससे जनपद में शांति व्यवस्था स्थापित करते हुए विकास के पथ पर तेजी से आगे ले जाए जा सकता है।
जिलाधिकारी ने इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों का अभिनंदन करते हुए जनपद के विकास में सभी के सहयोग की आवश्यकता बताई। इस अवसर पर बीजेपी जिलाध्यक्ष प्रवीण गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार राय ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर जिला जज रामेश्वर, एसपी अविनाश पांडेय, मित्रेश सिंह कुशवाहा, सीडीओ प्रशांत नागर, मुख्य राजस्व अधिकारी अभय कुमार पांडेय, नीतीश कुमार सिंह व मनीष कुमार श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।