मऊ। अखिल भारतीय मध्याह्न भोजन रसोइयां महासंघ के जिला कमेटी के आवश्यक बैठक शनिवार को बुनकर कॉलोनी स्थित महासंघ के जिला कार्यालय पर हुई। बैठक में संरक्षक सुरेंद्रनाथ गौतम ने कहा कि जिले में रसोइयों का मानदेय न मिलने की वजह से जिले के रसोइए भुखमरी के कगार पर आ गए हैं। रसोइयों को पिछले सत्र और इस सत्र का मिलाकर कुल आठ माह का मानदेय नहीं दिया गया है। जबकि विभाग बजट नहीं आने की बात कह पल्ला झाड़ लेता है। बैठक में मंत्री संगीता यादव ने कहा कि सरकार की कथनी और करनी में काफी अंतर है। कहा जा रहा है कि रसोइयों के मानदेय के लिए सरकार के पास बजट नहीं है। चेताया कि अगर रसोइयों का मानदेय तत्काल एकमुश्त नहीं मिला तो वह बीएसए कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी। बैठक में सर्वसम्मति से अक्टूबर में बीएसए कार्यालय पर धरना प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया। बैठक की अध्यक्षता संगठन के संरक्षक सुरेंद्रनाथ गौतम तथा संचालन मंत्री संगीता यादव ने किया। बैठक में सुनीता राजभर, शीला गौड़ा, चिंता निषाद, पूनम गौतम, संजू सोनकर, हीरामन चौहान तथा जय सिंह पटेल आदि रहे।