मधुबन । स्थानीय थाना क्षेत्र के सिसवा गांव में 12 वर्षीय किशोरी की लाश शनिवार की सुबह मकान के छप्पर के बडेर में लटकी मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। लोगों के सूचना देने पर मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष मधुबन संजीव कुमार दुबे मौका मुआयना करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के भेजे। किशोरी की मौत को लेकर लोग चर्चा करते नजर आए। मधुबन थाना क्षेत्र के सिसवा गांव निवासी समरजीत पेशे से किसान है। वह मेहनत मजदूरी और खेती किसानी कर परिवार का भरण पोषण करता है। उसके परिवार में उसकी पत्नी के अलावा तीन संतान हैं। शनिवार को समरजीत पत्नी और दो बच्चों के साथ खेत में रोपनी करने के लिए गया था। घर पर उसकी 12 वर्षीय पुत्री सोनिया थी। सुबह सोनिया की लाश उसके मकान के बड़ेर पर लटकी मिली। शव को उधर से गुजरने वाले ने देखा। इसके बाद इसकी सूचना सभी को दी गई। कच्चे मकान की बड़ेर से लटके शव की सूचना पूरे गांव में जंगल की आग की तरह फैल गई। इस दौरान लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना मिलने पर खेत से समरजीत और उसका परिवार भी भागकर घर पहुंचा। इस बीच किसी ने घटना की सूचना पुलिस को दे दिया था। सूचना मिलने पर मधुबन थाने के प्रभारी मय फोर्स मौके पर पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी में शव को बड़ेर से नीचे उतारा गया। प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार दुबे मौका मुआयना करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। बताया जाता है मृत किशोरी गांव के प्राथमिक विद्यालय में कक्षा चार की छात्रा थी। किशोरी की मौत के कारण की जानकारी नहीं हो सकी। पुलिस प्रथम दृष्टया घटना को आत्महत्या मान रही।