मऊ। अप्रैल माह के तीसरे सप्ताह में तापमान बढ़ने का क्रम जारी रहने से लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है। सोमवार को अधिकतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई। मौसम विभाग की ओर से तापमान में इजाफा होने की संभावना जताई गई है। सोमवार की सुबह तेज धूप निकली। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया। वैसे-वैसे गर्मी बढ़ती गई। सुबह लगभग 10 बजे से ही तेज धूप रही, जिसे सहन करना मुश्किल रहा। गर्म हवा चली। अब दो दिनों से तापमान बढ़ने से लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। गर्म मौसम होने से वातावरण में नमी की कमी होती जा रही है। सोमवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहा। आद्रता 32 प्रतिशत रही। जबकि 11 किमी की रफ्तार से हवा चल रही थी। रविवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहा। आद्रता 47 प्रतिशत रही। 10 किमी की रफ्तार से हवा चल रही थी। हवा की गर्मी ने लोगों की बेचैनी बढ़ाई। लोग दोपहर के समय घरों से बाहर निकलने से बचते रहे। इसका असर नगर सहित जिले के प्रमुख बाजारों में होने वाली आम दिनों की चहल-पहल पर भी देखा गया। जो लोग आए भी वे चेहरे और सिर को कपड़े से ढके रहे। पूरे दिन लोगों को गर्म हवा और दोपहर के समय चिलचिलाती धूप का सामना करना पड़ा। लोग गर्मी व लू के थपेड़ो से बचने के लिए शीतल पेय पदार्थ का सेवन करते नजर आए। सबसे अधिक परेशानी गेहूं की फसल की कटाई और मंड़ाई में जुटे किसानों और श्रमिकों को हो रही है। इसके साथ ही रात के समय भी उमस से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने तापमान में और बढ़ोतरी होने की संभावना जताई है।