मऊ। जिले में पारा 43 से घट कर 40 पर पहुंच गया है, फिर भी तीखी धूप और तेज गर्मी लोगों को झुलसा रही है। गर्मी का कहर से लोग परेशान हैं। दोपहर में सड़के सूनी और बाजारों में सन्नाटा पसरा रहता है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज की गई। सूरज की तपिश बरकरार रही। लोग लू, पानी की कमी और दस्त आदि मौसमी बीमारियों से ग्रसित रहे हैं। शुक्रवार सुबह मौसम साफ रहा। आठ बजे के बाद तेज धूप बर्दाश्त के बाहर हो गई। लोग जरूरी काम के लिए घर से बाहर निकलें। बाहर निकलने पर धूप से बचने के लिए गमछा, रूमाल से सिर और चेहरा ढककर रहे। पैदल हैं छांव तलाशते रहे। कड़ी धूप में यात्रा के बाद घर पहुंचने पर सामान्य होने में काफी समय लग रहा है। दिन में 10 बजे के बाद से सड़कों पर आवागमन कम हो गया है। दो पहिया वाहन एवं पैदल चलने वाले लोग घरों या दफ्तरों में दुबके रहे। बाजारों में शीतल पेय पदार्थो की डिमांड बढ़ गई है। रानीपुर प्रतिनिधि के मुताबिक क्षेत्र के पलिगढ़, गोकुलपुरा, काझा, फतेहपुर, पलिया, रानीपुर सहित विभिन्न इलाकों में गर्मी का कहर जारी रहने से लोगों को काफी दिक्कतें झेलनी पड़ रही। सुबह नौ बजते ही तेज धूप से लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है। भीषण गर्मी और तेज धूप से लोगों का हाल बेहाल है। लू से लोग घरों में दुबके रहने पर मजबूर रहे हैं। भीषण गर्मी से लोगों की दिनचर्या बदल गई है।