मऊ। मार्च का आधा महीना बीत गया है, दिन में तापमान 30 डिग्री के पार पहुंच रहा है। लेकिन मऊ नगर पालिका में अब तक वाटर कूलरों की मरम्मत नहीं हुई है। आठ चौराहे और तिराहे पर लगाए गए वाटर कूलरों में अधिकांश खराब हैं। नगर पालिकाध्यक्ष ने बीते साल भी वाटर कूलर ठीक कराने का दावा किया था, बजट भी जारी किया था, बावजूद कई वाटर कूलर पूरी गर्मी भर बंद थे। मार्च के साथ ही गर्मी की शुरू हो गई है, अभी मई और जून की तपिश बाकी है। ऐसे में नगर के चौराहों, तिराहे के साथ मुख्य बाजारों में राहगीरों की सुविधा के लिए लगाए गए वाटर कूलर बंद पड़े हैं। नगर के गाजीपुर तिराहा, आजमगढ़ मोड़, रोडवेज, बाल निकेतन तिराहा, भीटी चौराहा, कचहरी परिसर, मिर्जाहादीपुरा सहित नगर के विभिन्न जगहों पर 22 वाटर कूलर लगाए गए हैं। मार्च का तीसरा सप्ताह बीतने को है, इसके बाद भी अभी तक वाटर कूलरों की सुधि नगर पालिका ने नहीं ली है। राहगीर वाटर कूलर के पास पहुंचते तो हैं, लेकिन बंद देखकर व्यवस्था को कोसते हुए आसपास की दुकानों पर पहुंचकर पानी की बोतलों को खरीद कर प्यास बुझाते हैं। गाजीपुर तिराहा स्थित वाटर कूलर पर चाय नाश्ता वाले दुकानदारों ने कब्जा कर लिया है, वहां प्लास्टिक का तिरपाल लगाकर दुकान चलाता है। यही स्थिति अन्य जगहों पर है। वर्ष 2024-25 में इनकी मरम्मत के लिए कार्ययोजना तैयार की गई थी, कुछ की मरम्मत हुई और कुछ पर जिम्मेदारों की नजर नहीं पड़ी।