वलीदपुर। मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के बरबोझी गांव में शुक्रवार की देर रात करंट लगने से किशोर की मौत हो गई। ब्रह्मभोज में टेंट की लाइट ठीक करने के दौरान किशोर करंट की चपेट में आया था।
कोतवाली क्षेत्र के क्यामपुर गांव निवासी अमन शर्मा (17) पुत्र श्याम नारायण शर्मा पढ़ाई के साथ साथ टेंट हाउस पर मजदूरी करता था। शुक्रवार को बरबोझी गांव में ब्रह्मभोज में टेंट हाउस का सामान और लाइट लगी हुई थी। रात में अचानक बिजली खराब हो गई। बिजली ठीक करने के दौरान अमन करंट की चपेट में आ गया। स्थानीय लोगों ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुहम्मदाबाद गोहना में भर्ती कराया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसकी मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। अमन तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। घर की आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण मजदूरी कर घर चलाने में पिता की मदद करता था। पिता श्यामनारायण शर्मा कारपेंटर का काम करते हैं। परिजनों ने शनिवार को तमसा नदी घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया।