अखंड सौभाग्य के लिए विवाहितएं मंगलवार को हरितालिका तीज व्रत रखेंगी। पूर्व संध्या पर महिलाओं ने शृंगार के सामानों, आभूषण सहित अन्य सामानों की खरीदारी की। वहीं नगर सहित जिले के विभिन्न मंदिरों की साफ सफाई की गई।
तीज की परंपराओं के मुताबिक विवाहिताएं व्रत रख कर हरी चूडिय़ां, हरी साड़ी धारण कर विधि विधान से अपने पति की लंबी उम्र के लिए भगवान शिव, पार्वती व गणेश एक साथ पूजन अर्चन करेंगी। मान्यता है कि मां पार्वती ने प्रभु शिव के लिए इस व्रत को किया था। व्रत से भगवान अखंड सौभाग्य होने का वर देते हैं। इसलिए महिलाएं इस मौके पर भगवान शिव और मां पार्वती की कथा जरूर सुनती हैं। ऐसा माना जाता है कि कई स्थानों पर कुवांरी कन्याएं भी अच्छे वर प्राप्ति की कामना को लेकर तीज का व्रत रखती हैं।
उधर, तीज की पूर्व संध्या पर सोमवार को नगर के सहादतपुरा, मुंशीपुरा, रौजा, चौक, मिर्जाहादीपुरा, भीटी सहित मुहम्मदाबाद गोहना, घोसी, मधुबन सहित जिले के विभिन्न इलाकों में महिलाओं ने शृंगार सहित विविध सामानों की खरीदारी की। दुकानों पर भारी भीड़ लगी रही। फलों में तेजी का रुख रहा। महिलाएं व्रत को विधि विधान से करने के लिए उत्साहित दिखीं। देर रात तक व्रत और पूजन-अर्चन को लेकर तैयारियां होती रहीं।