मऊ। जिले के माध्यमिक विद्यालयों में तैनात शिक्षकों को छात्रों की तरह स्कूल डायरी बनानी होगी। इसमें वह अपनी शिक्षण योजना का उल्लेख करेंगे। विद्यालयों के प्रधानाचार्य प्रतिदिन शिक्षक डायरी का अवलोकन करेंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक जिले के समस्त माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यो को पत्र जारी किया है। जिले में 14 राजकीय, 67 सहायता प्राप्त तथा 436 वित्तविहीन माध्यमिक विद्यालय हैं। माध्यमिक विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र छात्राओं को गुणवत्तापरक शिक्षा देने की कवायद तेज हो गई है। बोर्ड ने शैक्षिक कैलेंडर जारी कर दिया है। साथ ही शिक्षकों को डायरी बनाने का आदेश जारी किया गया है। इसमें शिक्षकों को हर माह पाठ्यक्रम का कितना हिस्सा पढ़ाएंगे, रोजाना पढ़ाए जाने वाले पाठ, एसाइनमेंट आदि का उल्लेख करना होगा। अधिकारियों के अनुसार डायरी में शिक्षकों को रोजाना उन टॉपिक का उल्लेख करना होगा, जिन्हें अगले दिन कक्षा में पढ़ाएंगे। इसके अलावा शिक्षकों को शैक्षिक एवं अन्य संबंधित कार्य सहित शैक्षणिक योजना डायरी में लिखनी होगी। साथ ही इस डायरी को नियमित प्रधानाचार्य से परीक्षण कराना होगा। इसका उद्देश्य परिषद की ओर से जारी शैक्षिक कैलेंडर के अनुसार छात्रों को पठन पाठन कराना है, जिससे समय रहते कोर्स पूरा हो सके और उसके बाद कोर्स का रिवीजन कराकर परीक्षा की बेहतर तैयारी कराई जा सके। इस बाबत जिला समन्वयक माध्यमिक शिक्षा अभियान चंद्रप्रकाश श्रीवास्तव का कहना है कि एकेडमिक कैलेंडर के क्रियान्वयन के लिए जिले के समस्त प्रधानाचार्यों को दिशा निर्देश जारी किया गया है।