रानीपुर। सरायलखंसी थाना क्षेत्र के महासो मोड के पास मंगलवार की सुबह बड़ा हादसा होने से टल गया। लखनऊ से बलिया जा रही पेट्रोलियम पदार्थ भरे टैंकर चालक को अचानक चक्कर आने से टैंकर पटरी पर आ गया। लोड ट्रक की चपेट में आने से सड़क किनारे दो बाइक और एक साइकिल क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि मोटरसाइकिल बना रहे मैकेनिक व अन्य दो लोग बाल-बाल बच। वहीं टैंकर का पिछला पहिया पंचर होने से लोगों ने चालक को भी दौड़ा कर पकड़ लिया।
सरायलखंसी थाना के महासोे मोड़ के पास मंगलवार की सुबह बलिया जनपद के नगरा निवासी टैंकर चालक मनोज यादव लखनऊ से पेट्रोल लेकर बलिया जा रहा था। अभी वह सरायलखंसी थाना के महासो मोड़ के पास पहुंचा था कि अचानक चालक को चक्कर आ गया। जिससे टैंकर अनियंत्रित होकर पटरी पर आ गया। टैंकर को पटरी पर आता देख किनारे के दुकानदार घबरा गए। जब तक कोई कुछ समझ पाता टैंकर की चपेट में दुकान की बाहर लगे शेड में दो बाइक और एक साइकिल चपेट में आ गई।
उसी शेड में बाइक मिस्त्री सनोज चौहान और अन्य दो लोग बाल-बाल बच गए। करीब सौ मीटर जाने के बाद लोगों ने टैंकर चालक को पकड़ लिया। सूचना पर पुलिस भी पहुंची लोग बाइक, साइकिल और शेड के नुकसान के मुआवजे की मांग पर अड़े रहे। मामले में किसी पक्ष की तरफ से कोई तहरीर नहीं दी गई। बाद में मुआवजा देने के बाद चालक टैंकर लेकर गया।