घोसी कोतवाली के बिजपुरा के पास सड़क किनारे पलटी गांजा तस्कर की कार को निकलवाती पुलिस।संवाद
- फोटो : MAU
घोसी। आजमगढ़ स्वाट टीम के साथ मुकामी पुलिस ने बृहस्पतिवार को सुबह नौ बजे घोसी नदवासराय मार्ग पर बिजपुरा के पास कार से बोरे में भरकर ले जाए जा रहे 56 किलो गांजा के साथ एक तस्कर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गांजा तस्कर के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कार को सीज कर दिया। पुलिस के अनुसार आजमगढ़ स्वाट प्रभारी गजानन्द चौबे को सूचना मिली कि कार से तस्करी का गांजा लेकर अपराधी आ रहे हैं। इस सूचना पर स्वाट प्रभारी टीम के साथ तस्कर को पकड़ने के प्रयास में लग गए। गांजा तस्कर पुलिस को देखकर सठियांव से मुबारकपुर होते हुए भागने लगे। स्वाट टीम भी पीछा करने लगी। इस बीच गांजा तस्कर मऊ जनपद की सीमा में प्रवेश कर नदवासराय की तरफ भागने लगे। स्वाट टीम प्रभारी ने इसकी सूचना नदवासराय चौकीप्रभारी ओम सिंह को दिया। नदवासराय चौकी के पास पुलिस ने गांजा तस्कर की गाड़ी को रोकने की कोशिश किया। परंतु गांजा तस्कर पुलिस टीम पर कार चढ़ाने का प्रयास करते हुए गति तेज कर भागने लगा। पुलिस टीम कार का पीछा करती आ रही थी। घिरते देखकर गांजा तस्कर ने बिजपुरा गांव के पास कार को मुख्य सड़क से मोड़ने की कोशिश किया लेकिन इस प्रसास कार किनारे जाकर पलट गई। टीम ने कार से परवेज निवासी अमदही, थाना जहानागंज, जनपद आजमगढ़ को गिरफ्तार कर कार से 56 किलो 32 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया। पुलिस की पूछताछ में तसकर ने बताया कि यह गांजा वह उड़ीसा से लाकर मधुबन क्षेत्र में एक व्यक्ति को बेंचने जा रहा था। इस सम्बंध में कोतवाल नागेश उपाध्याय ने बताया कि स्वाट टीम और पुलिस ने गांजा तस्कर को 56 किलो से अधिक गांजा के साथ कार सहित गिरफ्तार किया है।