जिलाधिकारी अरुण कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को कानून व्यवस्था को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित हुई। जिसमें डीएम ने अवैध तस्करी को लेकर अभियान के साथ नए भू माफियाओं को चिहिन्त कर कड़ी कार्रवाई का निर्देश दिया। इसमें लापरवाही बरतने पर कार्रवाई करने की बात कही।
बैठक में जिलाधिकारी ने अवैध शराब, मादक पदार्थों की अवैध तस्करी, गोवंश के वध के साथ अवैध तस्करी की घटनाओं को रोकने एवं उनकी बरामदगी के लिए तहसील एवं पुलिस प्रशासन के सहयोग से अभियान चलाने का निर्देश दिया।
इसीक्रम में उन्होंने फर्जी एवं पेशेवर जमानत दारों का मामला संज्ञान में आने पर जिलाधिकारी ने समस्त उप जिलाधिकारियों को पिछले तीन माह के दौरान जमानत लेने वालों की सूची बनाकर, एक ही प्रॉपर्टी पर लिए गए जमानतो की जांच करने को कहा। जिससे ऐसे लोगों पर रोक लगाई जा सके। जिलाअधिकारी ने समस्त उप जिला अधिकारियों को अपने तहसील क्षेत्र के नए भू माफियाओं को चिहिन्तकर कड़ी कार्रवाई करने के भी निर्देश दिया। इस दौरान आगामी नगर निकाय के चुनाव के दृष्टिगत संवेदनशील/अति संवेदनशील बूथों के संबंध में समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने समस्त उप जिलाधिकारियों एवं क्षेत्राधिकारियों को पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान चिन्हित संवेदनशील/अतिसंवेदनशील बूथों की सूची का सहयोग लेने एवं ऐसे नए बूथों का यथाशीघ्र चिन्हीकारण कर सूची उपलब्ध कराने को कहा। साथ ही नगरीय निकाय चुनाव के दौरान अवैध शराब के माध्यम से मतदाताओं को प्रभावित करने के प्रयासों की रोकथाम के लिए उन्होंने समस्त उप जिलाधिकारियों को इस पर सघन नजर रखने के साथ ही जिला आबकारी अधिकारी को ऐसे संभावित क्षेत्रों में लगातार शराब की दुकानों पर छापेमारी कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।बैठक में पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडेय, मुख्य राजस्व अधिकारी अभय पांडे सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
अग्नीवीरों की भर्ती को लेकर की चर्चा, दिया निर्देश
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि 22, 23 और 24 नवंबर को वाराणसी में अग्नि वीरों की होने वाली भर्ती के दृष्टिगत जिले के मऊ जंक्शन, इंदारा जंक्शन, मऊ और दोहरीघाट रोडवेज डिपो के साथ महत्वपूर्ण चौराहों पर सुरक्षा के दृष्टिगत पर्याप्त मात्रा में सुरक्षा बल तैनात करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडे ने पॉक्सो के मामलों में 2 महीने के अंदर चार्जशीट दाखिल करने के निर्देश समस्त पुलिस अधिकारियों को दिए। उन्होंने कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के भी निर्देश दिया।
छात्रवृत्ति के लिए सत्यापन समय से करें पूरा
जिलाधिकारी अरुण कुमार की अध्यक्षता में समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा बैठक हुई।
बैठक के दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी अनुज कुमार ने बताया कि जनपद स्तरीय समिति द्वारा मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के कार्यक्रम का आयोजन 25 नवंबर को निर्धारित है।
17 नवंबर तक कुल 320 आवेदन पत्र प्राप्त हो चुके हैं, जिनकी जांच कराई जा रही है। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के बारे में समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि वर्ष 2022- 23 में 89419 लाभार्थियों के सापेक्ष 43739 लाभार्थियों को 1248.05 लाख की धनराशि निदेशालय द्वारा भेजी गई है। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित छात्रवृत्ति योजना की समीक्षा के दौरान समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि 2022- 23 में शासन द्वारा जारी समय सारणी के अनुसार छात्र/छात्राओं के रिकॉर्ड स्वीकृति/अस्वीकृति के लिए जिला समाज कल्याण अधिकारी के आईडी पर प्राप्त हो चुके हैं। रिकार्डों की स्वीकृति की कार्यवाही की जा रही है। मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2021- 22 के 32 छात्र एवं 2022- 23 के 73 छात्र पंजीकृत हैं। एक सितंबर 2022 से यूपीएसएसएससी. (पेट) की कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। जिसमें 175 छात्र पंजीकृत हैं, जो निशुल्क प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। जिलाधिकारी ने इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन के लाभार्थियों के आधार सीडिंग कार्य को शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने छात्रवृत्ति योजना के तहत प्राप्त रिकार्ड के सत्यापन कार्य को निर्धारित समय के अंदर पूर्ण करने के निर्देश जिला समाज कल्याण अधिकारी को दिया।
बकाएदारों से 8.85 लाख रुपये की वसूली
जिलाधिकारी श्री अरुण कुमार के निर्देश पर जनपद में बकायेदारों के खिलाफ अभियान चल रहा है। वसूली अभियान से एक अप्रैल 2022 से अब तक कुल आठ करोड़ 85 लाख 89 हजार 399 रुपये की वसूली की जा चुकी है। बता दें कि जनपद के समस्त तहसीलों में राइस मिल्स के बकायेदारों की कुल 34 आरसी थी, जिसके तहत कुल 18 करोड़ चार लाख आठ हजार 253 रुपये वसूली की जानी थी। जिलाधिकारी के निर्देश पर इन सभी बड़े बकायेदारों के खिलाफ वसूली अभियान चलाने के फलस्वरुप इस वित्तीय वर्ष में अब तक लगभग आधे रकम की वसूली की जा चुकी है। जिलाधिकारी श्री अरुण कुमार ने समस्त उप जिलाधिकारियों को इस अभियान में और तेजी लाते हुए तहसील स्तर पर बड़े बकाएदारों से समस्त वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।