नगर के अलीनगर स्थित सनबीम स्कूल में नॉन थर्मल कुकिंग प्रतियोगिता में प्रतिभाग करते छात्र-छात्रा
- फोटो : MAU
मऊ। नगर के अलीनगर स्थित सनबीम स्कूल में नॉन थर्मल कुकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें कक्षा तीन से लेकर पांचवीं तक के बच्चों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिलाधिकारी की पत्नी प्रीति सिंह रहीं। विद्यार्थियों में पाक कला से जुड़ी विशिष्टताओं को विकसित करने तथा पाक सामग्रियों के पौष्टिक महत्व को समझाने के लिए इस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। इस प्रतोयोगिता के माध्यम से बच्चों में सहयोग, सहभागिता, आपसी तालमेल एवं मनोभाव संप्रेषण की तकनीक का भी विकास हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिलाधिकारी की पत्नी प्रीति सिंह ने प्रत्येक बच्चे से उसके द्वारा बनाए गए व्यंजन के बारे में जानकारी ली। उस व्यंजन में उपलब्ध पौष्टिक तत्वों के बारे में भी जाना। इस कार्यक्रम में बच्चों ने सैंडविच, फ्रूट चाट, चाकलेट लड्डू, मिल्क शेक, फ्रूट सलाद आदि व्यंजन बनाए थे। उन्होंने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे शरीर के लिए पौष्टिक आहार का कितना महत्व है। प्रतियोगिता में कक्षा तीन से लेकर पांचवीं कक्षा तक में 26 विद्यार्थियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। विद्यालय की कोऑर्डिनेटर संगीता सिंह ने इस आयोजन को मूर्त रूप दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र देकर उनका उत्साहवर्धन किया।