मझवारा क्षेत्र के पवनी प्राथमिक स्कूल पर पढ़ाई करते छात्र।संवाद
- फोटो : MAU
मऊ। जनपद के अधिकांश परिषदीय विद्यालयों में शुक्रवार को छात्रों की उपस्थिति अच्छी रही। छात्रों के मन में अपनी नई कक्षाओं में बैठने को लेकर उत्साह देखा गया। सत्र का पहला दिन होने के बावजूद अधिकांश स्कूलों में छात्रों की उपस्थिति ठीक रही। विद्यालयों में पहुंचे छात्रों को पहले दिन अध्यापकों ने नई कक्षा के पाठ्यक्रमों के बारे में बताया। कोपागंज और फतेहपुर मंडाव ब्लाकों के कई प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में छात्रों की उपस्थिति 80 से 90 प्रतिशत रही। कोपागंज स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय कोपा कोहना में पंजीकृत 274 छात्रों के सापेक्ष 245 छात्र नये सत्र के पहले दिन अपनी कक्षाओं में ड्रेस में पहुंचे। इसी प्रकार झझवा में उच्च प्राथमिक विद्यालय और प्राथमिक विद्यालयों में छात्रों की संख्या अच्छी रही। मधुबन में भी अधिकांश प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में पहले दिन अच्छी संख्या में छात्र स्कूलों में पहुंचे। घोसी ब्लाक के लाखीपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में भी पहले दिन छात्रों की उपस्थिति उत्साहवर्धक रही। प्रधानाध्यापिका संतरा यादव ने बताया कि बच्चों में अगली कक्षाओं में बैठने की काफी उत्सुकता देखी गई। बच्चे पूरे ड्रेस में कक्षाओं में आए। रतनपुरा में प्राथमिक विद्यालय में छात्रों की उपस्थिति ठीक रही। आफिसर्स कालोनी स्थित प्राथमिक विद्यालय में छात्रों की उपस्थिति काफी कम रही। ख्वाजाजहांपुर स्थित प्राथमिक विद्यालयों में छात्रों की संख्या अपेक्षाकृत कम रही। अभिभावकों का कहना था कि पिछले कोरोना संकट के चलते दो सालों से स्कूलों में पठन पाठन बंद हो जाने से छात्र ऊब गए थे। अब जब विद्यालय खुल गए हैं तो बच्चे स्कूल जाने के प्रत काफी उत्सुक हैं। इसलिए नये सत्र का पहला दिन होने के बावजूद बच्चे स्कूलों के लिए घरों से निकले।