घोसी में अग्निशमन केंद्र के आवासीय भवन का निरीक्षण करते जिलाधिकारी अरूण कुमार।साथ में एसपी अविन
- फोटो : MAU
मऊ।जिलाधिकारी अरुण कुमार ने तहसील घोसी में पुलिस आवास निगम द्वारा अग्निशमन केंद्र के निर्माणाधीन आवासीय एवं अनावासीय भवनों के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया।इस परियोजना की कुल स्वीकृत लागत 847.38 लाख रुपया है। जिसमें जीएसटी शामिल नहीं है। इसकी स्वीकृति 26 फरवरी 2020 को मिल चुकी थी। इस परियोजना के तहत मुख्य भवन के अलावा टाइप 3, टाइप 2 एवं टाइप 1 के आवासीय भवनों का भी निर्माण कार्य किया जाना है। मुख्य भवन के निर्माण कार्य की भौतिक प्रगति लगभग 75 प्रतिशत है। इस पूरी परियोजना को अक्तूबर 2022 तक पूर्ण करना है। आवासीय भवनों के निर्माण कार्य की प्रगति अत्यंत धीमी होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था के जेई को कड़ी फटकार लगाते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान फिनीशिंग कार्यों में तमाम कमियां मिली। मौके पर रखी ईंट भी खराब गुणवत्ता की थी, जिसकी जांच करने के निर्देश जिलाधिकारी ने दिया। दरवाजों एवं खिड़कियों में प्रयोग किए गए सामग्रियों की गुणवत्ता की जांच के दौरान कमियां मिलने पर जिलाधिकारी ने इसमें प्रयोग किए गए सामग्रियों की जांच के भी निर्देश दिए। आरसीसी. के कंक्रीट कार्य में भी निरीक्षण के दौरान तमाम कमियां सामने आई।जिलाधिकारी ने कार्यदाई संस्था पुलिस आवास निगम को निरीक्षण के दौरान पाई जाने वाली कमियों को तत्काल दूर करने तथा शेष निर्माण कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी अरुण कुमार के अलावा पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडेय, तहसीलदार घोसी उमेश कुमार, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी जितेंद्र कुमार सिंह एवं कार्यदायी संस्था पुलिस आवास निगम के संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।