मऊ। शहर कोतवाली पुलिस ने बृहस्पतिवार को विभिन्न क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। बैंक शाखाओं और ज्वैलरी तथा इलेक्ट्रानिक सहित विभिन्न दुकानों पर सोशल डिस्टेंसिंग तथा लाक डाउन के पालन की जांच की। बैंक शाखाओं और दुकानों पर भीड़ भाड़ लगाने वालों को सोशल डिस्टेंसिंग का पाठ पढ़ाया। कोतवाली प्रभारी पीके मिश्र ने विभिन्न क्षेत्रों में चेकिंग अभियान चलाया। एसबीआई की मेन ब्रांच में जांच किया। गेट के पास सोशल डिस्टेंसिंग के अनुकूल लोगों को खड़े न पाकर उन्होंने एक मीटर की दूरी पर खड़े होने को कहा। इसी प्रकार गाजीपुर तिराहा स्थित यूनियन बैंक और बैंक आफ बड़ौदा शाखाओं में भी लोगों को हिदायत दी। सहादतपुरा में ज्वैलरी की कई दुकानों पर जांच की। इसी प्रकार सिटी सर्किल के दो अन्य थाना क्षेत्रों में प्रभारी डीपी श्रीवास्तव और निरार रंजन कुमार ने चेकिंग अभियान चलाकर दुकानदारों को भीड़ न लगाने की हिदायत दी। उधर, पुलिस के चेकिंग अभियान में पिछले 24 घंटों में पुलिस ने 1788 वाहनों को चेक किया। पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बताया कि जिले के 85 बैरियर प्वाइंटों पर सघन चेकिंग के निर्देश दिए गए हैं। बिना जरूरत सड़क पर घूमने वाले 10 व्यक्तियों के विरुद्ध दो मुकदमे दर्ज किए गए। 105 वाहनों का चालान कर दिया जबकि नौ वाहनों को सीज कर दिया। चेकिंग के दौरान 11 हजार रुपये शमन शुल्क वसूल किया।