विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर नगर के शारदा नारायन अस्पताल में जागरूकता कार्यक्रम को संबोधित करते ड?
- फोटो : MAU
मऊ। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में मंगलवार को विश्व तम्बाकू निषेध दिवस पर नशीले पदार्थों के सेवन से हो रहे नुकसान के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए विधिक साक्षरता शिविर एवं जन जागरुकता रैली व हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। इस दौरान लोगों को तंबाकू उत्पाद से दूर रहने की शपथ दिलाई गई। प्राधिकरण के सचिव कुंवर मित्रेश सिंह कुशवाहाने बताया कि सार्वजनिक स्थानों बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन, स्कूल कालेज परिसर में तम्बाकू सिंगरेट धूम्रपान करना प्रतिबंधित है। इसका उल्लंघन करने वाले पर जुर्माने का प्राविधान है। सलाहकार डॉ. अश्वनी कुमार सिंह ने नशीले पदार्थो की सेवन से हो रहे नुकसान के सम्बंध में लोगों को जानकारी दी। जबकि सचिव ने तंबाकू उत्पादों से दूर रहने की शपथ दिलाई। साथ ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिया कि सिनेमाघरो, चिकित्सालयों, सार्वजनिक परिवहन, रेस्तरां, सरकारी कार्यालयों में सिगरेट तथा तंबाकू के विभिन्न उत्पादों के सेवन पर प्रतिबंध लगाये जाने हेतु चेतावनी बोर्ड लगाए जाए। इसके पूर्व सीएमओ कार्यालय से जागरूकता रैली निकाली गई। जो बाल निकेतन तिराहा, हिंदी भवन होते हुए वापस कार्यालय पहुंच कर समाप्त हुई। रैली में बच्चों के द्वारा तंबाकू छोड़ने से संबंधित अपने हाथों में स्लोगन लेकर लोगों का जागरूक करते रहे। कार्यक्रम में आईएमए के अध्यक्ष डॉ. मयंक, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. वीके यादव, आशा कार्यकर्ता, प्रकाश नर्सिग स्कूल की छात्र छात्राएं उपस्थित रहे। उधर, शारदा नारायन वेलफेयर ट्रस्ट की तरफ से शारदा नारायन हॉस्पिटल में जन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें डॉ. संजय सिंह ने कहा कि तंबाकू के सेवन से हृदय रोग, स्ट्रोक, मनोभ्रंश, कैंसर और मधुमेह होता है। जो लोग धूम्रपान करते हैं उन्हें मधुमेह के कारण होने वाली इन जटिलताओं का अधिक खतरा होता है। धूम्रपान छोड़ने से व्यक्ति को मधुमेह होने से रोका जा सकेगा और इंसुलिन के स्तर को नियंत्रित करना आसान होगा। बताया कि भारत में तंबाकू के सेवन के कारण हर साल 1.35 मिलियन मौत हो जाती हैं। इस मौके पर मेडिकल डायरेक्टर डॉ सुजीत सिंह, न्यूरो विशेषज्ञ डॉ. रुपेश के सिंह मौजूद रहे।
विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर नगर के बालनिकेतन स्थित सीएमओ कार्यालय से निकाली गई जागरूकता रैली में ?- फोटो : MAU