निकाय चुनाव में वोटरों को प्रभावित करने और फर्जी पहचान पत्र बनाकर मतदान कराने की शिकायत पर पुलिस ने एक मकान पर छापा मारकर छह लोगों को हिरासत में लिया। पकड़े गए लोगों पर फर्जी आईडी बनाकर मतदान कराने और मतदाताओं को विभिन्न तरीके से प्रभावित करने का आरोप है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। मोहम्मदाबाद गोहाना नगर के रसूलपुर महरुपुर मोहल्ला में एक मकान में फर्जी मतदाता पहचान पत्र बनाने और मतदाताओं को प्रभावित करने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना पर पुलिस ने मकान पर छापा मारा तो वहां एक निर्दल प्रत्याशी के पुत्र सहित छह लोग मौजूद मिले। पुलिस ने सभी को हिरासत में लिया है। इस बारे में पूछे जाने पर पुलिस उपाधीक्षक डॉ. अजय विक्रम सिंह ने कहा कि मतदाताओं को प्रभावित करने की शिकायत मिलने पर पुलिस टीम ने एक मकान पर छापा मारा तो वहां छह संदिग्ध लोग मिले। सभी को हिरासत में लिया गया है। हिरासत में लिए गए लोगों में एक निर्दल प्रत्याशी का पुत्र भी शामिल है। मामले की जांच की जाएगी और आवश्यकतानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।