मऊ। ग्रामीण क्षेत्रों में बने सीएचसी पर स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर बरती जा रही शिकायत पर शनिवार को सीएमओ दो सीएचसी का निरीक्षण किया। दोनों सीएचसी पर करीब छह स्वास्थ्य कर्मी बिना सूचना के गायब मिले, जिस पर इन सभी को कारण बताओ नोटिस जारी किया।
सीएमओ डॉ. नरेश अग्रवाल और डिप्टी सीएमओ डॉ. वकील अली शनिवार को सबसे पहले बड़रांव सीएचसी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान यहां खुद प्रभारी अधीक्षक डॉ. अशोक कुमार अनुपस्थित मिले, जबकि इमरजेंसी में सिर्फ डॉ. संजय कुमार मौजूद थे। चौंकाने वाली बात रही कि यहां अन्य स्वास्थ्य कर्मी किसी जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने गए थे। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने अस्पताल का निरीक्षण किया, जहां उन्हें चारों तरफ गंदगी का अंबार लगा दिखा। इसी क्रम में कोपागंज सीएचसी के निरीक्षण में लेबर रूम में कोई स्वास्थ्य कर्मी मौजूद नहीं था। डिलीवरी कक्ष में यहां एक दाई ही मौजूद मिली। इस पर सीएमओ द्वारा चिकित्सा प्रभारी डॉ. अनिल कुमार से अनुपस्थित कर्मियों को लेकर सवाल पर कोई जवाब नहीं दे पाए। दोनों सीएचसी अनुपस्थित स्वास्थ्य कर्मियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। सीएमओ ने बताया कि कार्य में लापरवाही बिलकुल क्षम्य नहीं होगी, अनुपस्थित स्वास्थ्य कर्मी द्वारा संतोष जनक जवाब न दे पाने पर इनका वेतन काटने की कार्रवाई की जाएगी।