मऊ। जिले के आरेंज जोन में होने के चलते सोमवार की रात शासन ने निर्णय लेते हुए यूपी बोर्ड की कापियों के मूल्यांकन कार्य को स्थगित करने का निर्णय लिया। जिला विद्यालय निरीक्षक ने इसकी पुष्टि की। ऐसे में परीक्षाफल देर से आने की संभावना तेज हो गई है। जिले में डीएवी इंटर कालेज, तालीमुद्दीन इंटर कालेज, नोमानी इंटर कालेज, मुस्लिम इंटर कालेज, जीवन राम इंटर कालेज तथा शहीद इंटर कालेज मधुबन को मूल्यांकन केंद्र बनाया गया है। शासन के फरमान पर मंगलवार से मूल्यांकन केंद्रों पर मूल्यांकन की तैयारी पूरी कर ली गई थी। इसके लिए केंद्रों को सैनिटाइज भी कराया गया था। परीक्षक भी मूल्यांकन कार्य के लिए अलर्ट हो गए थे। इसी बीच सोमवार की रात शासन स्तर से हुई वीडियो कान्फ्रेसिंग के दौरान आरेंज जोन में आने वाले जनपदों में मूल्यांकन कार्य स्थगित करने का फरमान जारी किया गया। अब केवल ग्रीन जोन के जनपदों में ही मूल्यांकन कार्य होगा। उधर बोर्ड परीक्षार्थियों का कहना था कि देर से मूल्यांकन कार्य होने के चलते परीक्षा परिणाम में देर से आएगा। जिला विद्यालय निरीक्षक राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि मूल्यांकन कार्य की तैयारी पूरी कर ली गई थी। सोमवार की रात वीडियो कान्फ्रेसिंग में आरेंज जोन के जनपदों में मूल्यांकन कार्य स्थगित कर दिया गया। शासन से दिशा निर्देश मिलने पर कार्यवाही शुरू की जाएगी।