मझवारा। क्षेत्र के मझवारा-दरियाबाद मार्ग के दोनों तरफ झाड़ियों के उग आने से राहगीरों को तमाम समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। शाम होते ही इस मार्ग पर चलना मुश्किल हो जा रहा है। आगे पीछे कुछ भी न दिखने से आए दिन लोग चुटहिल हो रहे हैं। शिकायत के बाद भी झाड़ियों को साफ नहीं कराया जा सका है। क्षेत्र का मझवारा दरियाबाद से पवनी प्रमुख मार्ग होने के चलते क्षेत्र के दर्जनों गांव के लोगों का देर शाम तक आना जाना लगा रहता है। ग्रामीणों के अनुसार सड़क का उचित रख रखाव न होने के चलते सड़क के दोनों पटरियों पर झाड़ियां उग आईं हैं। झाड़ियां सड़क तक फैल गई हैं। इससे यात्रा करना मुश्किल हो रहा है। शाम के बाद लोगों को जान जोखिम में डालकर यात्रा करना पड़ रहा है। विभागीय लापरवाही की स्थिति यह है कि सड़क के दोनों पटरियाें पर उगी झाड़ियां सड़क के बीच तक पहुंच गई है। इससे प्राय: इस मार्ग पर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। सड़क की पटरिया झाड़ियों से ढंक सी गई हैं। वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दिन के समय तो आवागमन हो जाता है लेकिन शाम के बाद इस मार्ग पर चलना खतरों से खाली नहीं है। आवागमन के दौरान सड़क के दोनों ओर झाड़ उग जाने से ठीक से दिखाई नहीं देता है।
इस संबंध में क्षेत्र के दया शंकर पांडेय, सूर्यभान पांडेय, अभिषेक यादव, सुशील कुमार, अमरजीत यादव और अंगद कुमार का कहना है कि सड़क के पटरी पर उगे झाड़ियों को साफ कराने के लिए आला अधिकारियों को शिकायती पत्र दिया गया, लेकिन इस मामले को लटका दिया गया है। सड़क के दोनों पटरियों पर झाड़ियों को अविलंब साफ नहीं कराया गया तो हम लोग आंदोलन करने को बाध्य हो होंगे।