शुक्रवार को नगर के आजमगढ़ तिराहा स्थित खुली कपड़े की दुकान पर खरीदारी करते लोग।
- फोटो : MAU
मऊ। चौथे चरण के लॉकडाउन लागू होने के पांचवें दिन शुक्रवार को नगर सहित जिले के विभिन्न बाजारों में रोस्टर के हिसाब से कपड़ा की दुकानें खुली। दुकानों पर छिटपुट ग्राहक ही सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन करते हुए खरीदारी करते देखे गए। मोबाइल, इलेक्ट्रानिक्स सहित विभिन्न दुकानें अब प्रतिदिन खुलने से बाजारों में चहल पहल देखी जा रही है। दुकानों पर भीड़ हो जाने की आशंका से काफी संख्या में दुकानदार दुकान खोलने से कतरा रहे हैं। लॉकडाउन के दौरान बाजारों में दुकानों को खोलने के लिए जिला प्रशासन ने रोस्टर जारी किया है। बृहस्पतिवार तथा शुक्रवार को कपड़ा की दुकान खोलने के लिए निर्धारित किया गया है। रोस्टर अनुसार नगर के सिंधी कालोनी, चौक, घास बाजार, सहादतपुरा, मिर्जाहादीपुरा, रौजा, सहित प्रमुख बाजारों में कपड़ा की दुकानें तो खुली, लेकिन नाम मात्र ही ग्राहक दिखे। पुलिस विभाग की सख्ती से दुकानदार भीड़ हो जाने की आशंका से दुकान खोलने से परहेज कर रहे हैं। दुकानों पर सैनिटाइजर रखा गया था। सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन करते हुए मास्क लगाकर लोगों को खरीदारी करते देखा गया। किराना, मेडिकल, प्लंबर, इलेक्ट्रिक, इलेक्ट्रानिक्स की दुकानें अब प्रतिदिन खुलने से बाजार में आवागमन बढ़ने लगा है। दुकानदारों के चेहरे पर चमक दिखने लगी है। चिरैयाकोट: कस्बा सहित विभिन्न इलाकों के प्रमुख बाजारों में कुछ ही कपड़ा की दुकानें खुली। कस्बा में कई दुकानों के बाहर कपड़ा टांगा गया था, पुलिस ने दुकानदारों को दुकानों के अंदर ही रखने को कहा। पुलिस की सख्ती से पांच से छह कपड़ा की दुकानें खुली रही। इक्का दुक्का ग्राहक ही दुकानों पर खरीदारी करते देखे गए। बढुआगोदाम: क्षेत्र के बढुआगोदाम, कहिनौर, पिपरीडीह सहित विभिन्न बाजारों में इक्का दुक्का कपड़ा की दुकानें खुली। छिटपुट ग्राहक ही खरीदारी करते देखे गए।