दोहरीघाट कस्बा स्थित मुक्तिधाम पर कटान रोधी कार्य का निरीक्षण करते जिलाधिकारी ज्ञान प्रकाश त्र?
- फोटो : MAU
दोहरीघाट। कस्बा स्थित मुक्तिधाम तथा सूरजपुर मे चल रहे कटानरोधी कार्यो का निरीक्षण बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी ज्ञानप्रकाश त्रिपाठी ने किया। निरीक्षण के दौरान नगर पंचायत प्रशासन की तरफ से उदासीनता बरते जाने को लेकर जिलाधिकारी भड़क गए। पूरे मामले को संज्ञान में लेकर उपजिलाधिकारी को त्वरित कार्यवाही करने का निर्देश दिया। दोहरीघाट कस्बा स्थित मुक्तिधाम तथा सूरजपुर को बचाने के लिए कटानरोधी प्रोजेक्ट का कार्य चल रहा है। जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान कमी मिलने पर सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता वीरेंद्र पासवान को निर्देश दिया। रामजानकी घाट पर पर लांचिग पैड न बनने का सिंचाई विभाग के अधिकारियों से कारण पूछा। अधिशासी अभियंता ने बताया कि 40 मीटर का कार्य नगर पंचायत द्वारा पक्का नाला निर्माण न कराने के कारण छूटा हुआ है क्योंकि जबतक नाला नहीं बनेगा तबतक बोल्डर पिचिंग नहीं हो पाएगी। अगर पिचिंग कर दी गई तो नगर के नाले का पानी अवरुद्ध हो जाएगा। नगर की अधिशासी अधिकारी को कई बार सूचना दी जा चुकी है। इस पर नगर पंचायत द्वारा उदासीनता बरतने जाने को लेकर जिलाधिकारी भड़क उठे। उपजिलाधिकारी से पूरे मामले को संज्ञान मे लेकर त्वरित कार्यवाही करने का निर्देश दिया। वहीं मुक्तिधाम, श्मशानघाट, भारतमाता मंदिर, खाकी बाबा की कुटी तक हुए कटान रोकने के लिए हुए कटानरोधी कार्य का निरीक्षण किया। बोल्डर के वजन को भी परखा। वहीं बाढ़ चौकियों का भी निरीक्षण किया। बाढ़ से निपटने की तैयारियों की भी जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता विरेंद्र पासवान, उपजिलाधिकारी आशुतोष राय, सिंचाई विभाग के जेई जेपी यादव, सहायक अभियंता मकलू राम आदि शामिल रहे।