बैनामे की जमीन पर विक्रेता के भतीजे का कब्जा
संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायतों का निपटारा
संवाद न्यूज एजेंसी
मऊ। जिले की चारों तहसीलों पर समाधान दिवसों का आयोजन हुआ। कुल 167 शिकायतों में 14 का निपटारा किया गया। सदर तहसील सभागार में एसडीएम हेमंत चौधरी की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान में हाजीपुर गांव निवासी सीता सिंह ने शिकायत की कि 12 साल पहले हलधरपुर गांव में पांच बीघा जमीन की रजिस्ट्री कराया था, लेकिन विक्रेता का भतीजा दबंगई से जमीन कब्जा किया है। समाधान दिवस में कई साल से चक्कर काट रही हूं, लेकिन हमें आज तक न्याय नहीं मिला।
इनसेट:
दो साल में भी नहीं हटा फर्जी तरीके से चढ़ाए गए तीन लोगों के नाम
रणवीरपुर गांव निवासी पूर्व ग्राम प्रधान अनिल कुमार सिंह ने शिकायत की कि गांव ग्राम सभा की सरकारी जमीन पर गांव के ही तीन व्यक्तियों ने गलत तरीके से ग्राम सभा की 10 बीघा जमीन पर अपना नाम अंकित करा लिया था। जिलाधिकारी के आदेश पर राजस्व टीम ने पैमाइश में तीनों व्यक्तियों का नाम अवैध पाने पर जमीन को ग्राम सभा के नाम करने की रिपोर्ट सौंपी। डीएम के आदेश के दो साल बाद भी राजस्व अभिलेख में तीनों व्यक्तियों का खारिज नहीं किया गया।
इनसेट:
चार महीने से नहीं मिली नक्शे की नकल
बकवल गांव निवासी शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पिछले चार महीनों से राजस्व अभिलेखागार कलेक्ट्रेट से अपने गांव के नक्शे की नकल मांग रहा हूं, अभी तक गांव के नक्शे की नकल नहीं दी गई।
----------------
राशन लेने जाने पर भगा देता है कोटेदार
सदर तहसील क्षेत्र के इटौरा गांव निवासी सूबेदार चौहान ने गांव के कोटेदार द्वारा परिवार के पांच सदस्यों का नाम काट देने की शिकायत की। डीएसओ से समाधान दिवस में शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। राशने के लिए जाने पर कोटेदार भगा देता है।
साहब बेटा मारता है, उसके अत्याचार से बचाएं
घोसी। तहसील सभागार में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस में आईं कुल 63 जनशिकायतों में से पांच का निपटारा किया गया। कटिहारी निवासी चंद्र देव ने अपने बेटे मंशा की शिकायत की कि वह मारता पीटता है। उसके अत्याचार से बचाया जाए। मखदुमपुर के समाजसेवी चंद्रशेखर ने गांव में निर्माणाधीन गो आश्रय में विद्युतीकरण कराने की मांग की। मोहम्मदपुर हसनपुर निवासी तीन साल पहले नगर पंचायत अमिला के सफाई नायक पद से सेवानिवृत्त अखिलेश सिंह ने शिकायत की कि उनकी 22 माह की पेंशन के 516263 रुपयों का भुगतान चेयरमैन प्रतिनिधि की हठधर्मिता से नहीं हो रहा। बनकराखुर्द की दुर्गावती, पकडी खुर्द के रामसेवक राय, सेमरी जमालपुर निवासी प्रतिमा ने अपनी शिकायत की।
मधुबन : एसडीएम मनोज कुमार तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस 40 में छह का निपटारा किया गया। उधर, मुहम्मदाबाद गोहना में एडीएम बीपी सिंह की अध्यक्षता में 64 में तीन शिकायतों का निपटारा हुआ।