उप्र माध्यमिक शिक्षक संघ संयुक्त मोर्चा के तत्वावधान में माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों ने मंगलवार को अपने-अपने विद्यालयों पर सात सूत्री मांगों को लेकर चाक डाउन हड़ताल की। साथ ही विद्यालय परिसर में प्रदर्शन कर जमकर नारेबाजी की।
इस मौके पर शिक्षक नेता देवानंद देव ने कहा कि सरकार की तरफ से एडेड विद्यालयों का राजकीयकरण किया जाए।18 वर्ष पूर्व छीनी गई पुरानी पेंशन को वापस लौटाया जाए। आज से 40 वर्ष पूर्व स्थापित चयन बोर्ड तथा चयन बोर्ड अधिनियम 1982 की धारा 21, 18 तथा 12 में मिली हुई शिक्षकों की सेवा सुरक्षा और सेवा शर्तों को वापस किया जाए।
पूंजीपतियों और शिक्षा के व्यापारियों को लाभ पहुंचाने के इरादे से प्रदेश के गरीबों और वंचितों के लिए स्थापित जन शिक्षा व्यवस्था के निजीकरण की साजिश को बंद किया जाए। इस दौरान शिक्षक नेता जयराम यादव सहित तमाम शिक्षक शामिल रहे।
रतनपुरा:
माध्यमिक शिक्षक संघ के संयुक्त मोर्चे के आह्वान पर जनपद के माध्यमिक शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन को बहाल करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर सरदार वल्लभ भाई पटेल इंटर कॉलेज हलघरपुर के प्रांगण में शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने चाक डाउन हड़ताल की।
इस दौरान विनीत प्रताप राय, मुश्ताक अली मंसूरी, बृजेश कुमार गिरी, रविंद्र सिंह, अभिषेक कुमार सिंह गिरीश नारायण सिंह कृष्ण मोहन सिंह, उदय नारायणसिंह, कमलेश कुमार, इंद्रसेन सिंह, रमाकांत यादव, रामानंद यादव आदि शामिल रहे।