चिरैयाकोट। उपजिलाधिकारी अखिलेश सिंह यादव ने रविवार को थाना क्षेत्र के सरौंदा गांव में भूमि विवाद को लेकर हुए तनाव को पैमाइश कराकर समाप्त करा दिया। एक भूमि खंड को लेकर दो पक्षों में विवाद था। बृहस्पतिवार को गाटा संख्या 328 के कुछ भाग में गांव के नवयुवक मंगलदल लक्ष्मी पूजन समिति के कौशल सिंह आदि के द्वारा लक्ष्मी-गणेश के लिए मूर्ति का पांडाल बनाया जा रहा था। इसका दूसरे पक्ष ने विरोध किया। नवयुवक मंगल दल के पदाधिकारियों ने डीएम से इसकी शिकायत की। जिलाधिकारी के निर्देश पर एसडीएम अखिलेश सिंह यादव, सीओ नरेश कुमार, स्थानीय पुलिस और राजस्व टीम मौके पर पहुंची। पैमाइश कराकर पंडाल बनाने का स्थान चिह्निकर कराकर विवाद खत्म कराया।