मऊ। लाकडाउन के दौरान देश के विभिन्न प्रांतों में फंसे मजदूरों की अब जिले में वापसी होगी। प्रशासन द्वारा गैर प्रांतों से आने वाले श्रमिकों की संख्या 80 हजार से लेकर एक लाख तक होने तक बताया जा रहा है। प्रशासन ने श्रमिकों के जिले में 136 क्वारंटाइन सेंटर बनाया गया है। जबकि इनकी थर्मल स्क्रीनिंग के लिए जिले की तीनों सीमाओं पर स्वास्थ्य विभाग की 12 टीमें चिह्नित की गई है। टीमें सेंटर में रहने वाले श्रमिकों का प्रतिदिन स्वास्थ्य परीक्षण करेगी। जिले में प्रवासी मजदूरों का लौटने का आगाज शुरू हो चुका है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा गैर प्रांत से आने वाले एक-एक श्रमिक की जांच हो उसके लिए जिले के तीनों सीमाओं पर मेडिकल टीम गठित की गई है। सीएमओ डॉ. सतीशचंद्र सिंह ने बताया कि मुहम्मदाबाद गोहना की सीमा पर मुहम्मदाबाद गोहना सीएचसी की दो टीम तथा जिला मुख्यालय की चार टीमें तैनात रहेंगी। जबकि बढुआगोदाम पर परदहा सीएचसी की दो टीमें तथा जिले की दो टीमें थर्मल स्क्रीनिंग करेंगी।वहीं दोहरीघाट सीमा पर दोहरीघाट सीएचसी की दो टीमें तैनात रहेगी। इसके अलावा श्रमिकों के लिए जिले भर में बनाए 136 क्वारंटीन सेंटर पर नियमित रूप से श्रमिकों की थर्मल स्क्रीनिंग के लिए प्रत्येक सेंटर पर दो सदस्यीय पैरा मेडिकल टीम तैनात रहेंगी।