दोहरीघाट में मुक्तिधाम के पास उफनाई सरयू नदी।संवाद
- फोटो : MAU
दोहरीघाट। सरयू नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में बाढ़ की आशंका से तटवर्ती इलाके के लोग दहशत में हैं। 24 घंटे में नदी का जलस्तर में 20 सेमी बढ़ा है। लहरें भारत माता मंदिर मंदिर की दीवारों से टकरा रही है। बाढ़ से नगर की सुरक्षा के लिए रखे बोल्डर भी खिसकने लगे हैं। नदी के जलस्तर पर नजर डाला जाए तो गौरीशंकर घाट पर बुधवार को नदी का जलस्तर 69.10 मीटर रहा। जबकि मंगलवार को जलस्तर 68.90 मीटर रहा। नदी खतरा निशान से 69.90 मीटर से मात्र 80 सेमी नीचे बह रही थी। नदी के रौद्र रुप धारण करने से मुक्तिधाम, भारत माता मंदिर, खाकी बाबा की कुटी, साईं बाबा का मंदिर, दुर्गा मंदिर, डीह बाबा का मंदिर, हनुमान मंदिर, शाही मस्जिद,लोक निर्माण विभाग का डाक बंगला सहित ऐतिहासिक धरोहरों का अस्तित्व खतरे में पड़ गया है। वहीं तटवर्ती इलाके रामपुर धनौली, नई बाजार, नवली, बहादुरपुर, पतनई, सरया, गोधनी, ठाकुर गांव, बीबीपुर, जमीरा, चौराडीह, कोरौली, बेलौली, पाऊस, ठिकरहिया, महुआबारी, रसूलपुर, सूरजपुर सहित विभिन्न गांवों के लोग बाढ़ की आशंका से दहशत में हैं। धनौली लोहड़ा रिंग बांध और बीबीपुर चिउटीडाड़ बंधे पर पानी का दबाव बढ़ता जा रहा है।