मऊ। गणतंत्र दिवस के मद्देनजर मऊ जंक्शन पर आरपीएफ एवं जीआरपी की संयुक्त टीम ने चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान स्टेशन प्लेटफॉर्म, फुटओवर ब्रिज, वेटिंग हॉल, सर्कुलेटिंग एरिया में लोगों के बैग, झोला आदि सामनों की जांच की गई। अभियान का नेतृत्व आरपीएफ डीके राय तथा जीआरपी एसओ गणनाथ कर रहे थे। आरपीएफ-जीआरपी के जवानों ने गणतंत्र की पूर्व संध्या पर मेटल डिटेक्टर तथा अत्याधुनिक मशीनों से स्टेशनों के चारों प्लेटफार्मो के अलावा सर्कुलेटिंग एरिया का निरीक्षण किया। इस दौरान स्टेशन पर आने वाली ट्रेन लिच्छवी, कृषक एक्सप्रेस आदि की सघन चेकिंग की गई। व्यापक चेकिंग के साथ ही यात्रियों को जागरूक भी किया गया कि अनजान लोगों का दिया हुआ खाने पीने का सामान न लें। इस दौरान उपनिरीक्षक अर्चना पाठक, भरत गुप्ता, मनोज सिंह, उमाशंकर आदि मौजूद रहे।