बढुआ गोदाम। सरायलखंसी थाना क्षेत्र के ताजोपुर मोड़ स्थित बालाजी काम्पलेक्स में चोरों ने शुक्रवार रात एक घंटे के अंदर दो दुकानों में चोरी की घटना को अंजाम दे दिया। चोरों ने हाइवे के किनारे स्थित दुकानों में वारदात को अंजाम देकर पुलिस की निष्क्रियता की पोल खोल दिया। चोरों ने काम्पलेक्स के अंदर आभूषण की दुकान से पांच लाख रुपये के गहने और दूसरी दुकान से पचीस हजार रुपए नगद चुरा लिया। शनिवार को दुकानदार दुकान खोलने पहुंचे तो उन्हें चोरी की जानकारी हुई। चोर दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी चुरा ले गए। ताजोपुर मोड़ स्थित बालाजी काम्पलेक्स है। यहां पर एक दर्जन से अधिक दुकानें हैं। शुक्रवार रात दुकानदार दुकान बंदकर घर चले गए। सुबह जब दुकानदार दुकान खोलने पहुंचे तो दो दुकानों के ताले टूटे और शटर उखड़ा हुआ देख चौंक गए। दुकान के अंदर गए तो देखा कि दुकानों से रुपये और सामान गायब थे। चोर राजेश सेठ के आभूषण की दुकान का ताला तोड़कर उनके दुकान में रखे पांच लाख रुपये के गहने चुरा ले गए थे। वहीं दुसरी दुकान जितेंद्र सिंह के केराना की दुकान से पचीस हजार रूपये नगद चुरा कर ले गए। साथ ही और दुकान के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर भी चुरा ले गए। चोर कॉम्पलेक्स में लगे अन्य दुकानों के सीसीटीवी कैमरों में वह कैद हो गए। जिसकी डीवीआर वह नहीं ले जा सके। दोनों दुकान की फुटेज देखी गई तो दो चोर रात दो बजे चोरी करने के लिए कांप्लेक्स में घुसते दिखाई दिए। करीब एक घंटे तक उन्होंने चोरी की। चोरों ने ऐसी दुकानों को निशाना बनाया जहां पर अंधेरा था। दुकानदारो ने पुलिस पर गश्त नहीं करने का आरोप लगातेे हुए कहा कि एक घंटे तक चोरी होती रही और पुलिस सोती रही। पीड़ितों ने सरायलखंसी थाने में मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई है। की घटना के बाद से दुकानदारों में रोष है। थाना प्रभारी डीके श्रीवास्तव ने बताया कि दुकानदारों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।