बढुआ गोदाम। सरायलखंसी थाना क्षेत्र के सलहाबाद मोड़ के पास रविवार की देर रात नौ बजे के करीब एक देसी शराब के ठेके से एक बाइक पर सवार दो बदमाशों ने पिस्टल की नोक पर 57 हजार रुपये के करीब लूटकर फायर करते हुए फरार हो गए। पुलिस ने शिकायत पर बुधवार को मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश में जुटी रही। दर्ज मुकदमे के अनुसार सतीश कुमार सिंह पुत्र सुरेंद्र सिंह रानीपुर थाना क्षेत्र के अकबरपुर ब्रह्माणपुरा गांव के निवासी है, सलाहाबाद मोड़ पर भाई हरिश्चंद्र सिंह के नाम से देसी शराब की दुकान है, जिसकी देखरेख वह करता है। बीते बृहस्पतिवार की रात नौ बजे के करीब सरायलखंसी थाना क्षेत्र के हरपुर गांव निवासी सेल्समैन रामजीत यादव दुकान पर शराब की बिक्री कर रहा था। उसी समय एक बाइक पर सवार दो अज्ञात व्यक्ति देसी शराब खरीदने के बहाने आए और सेल्समैन को पिस्टल दिखाकर सामने वाली जाली से डंडे के सहारे चौकी पर रखे तीन गड्डी में कुल 57 हजार 192 रुपये लूटकर भाग गए और कुछ दूर जाने के बाद शौच के लिए आ रही गांव की कुछ महिलाओं को देखकर अपनी पिस्तौल से हवा में फायर करते फरार हो गए। पुलिस ने सतीश सिंह की तहरीर पर दो अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।