लोगों की मांग पर चार माह बाद फिर से कोपागंज-भातकोल मार्ग पर रोडवेज बस दौड़ने लगी। इससे क्षेत्रीय लोगों में खुशी है। परिवहन निगम द्वारा बीते 21 अगस्त को इस मार्ग वीडियोग्राफी करते हुए दोबारा सर्वे किया गया। सर्वे के बाद बीते बुधवार को बस का संचालन शुरू करा दिया गया।
क्षेत्रीय लोगों की मांग पर परिवहन निगम ने बीते अप्रैल माह में कोपागंज-भातकोल मार्ग का सर्वे कर कोइरियापार बाईपास होते हुए रोडवेज बस का ट्रायल किया। ट्रायल सफल होने के बाद बस का संचालन शुरू हुआ। लेकिन कुछ दिन बाद कोइरियापार बाईपास मार्ग को खराब व संकरा बताकर संचालन रोक दिया गया। जिम्मेदारों का कहना था कि बस चालक इस मार्ग पर जाने से मना कर दे रहे हैं।
पुन: लोगों की मांग पर बाईपास मार्ग के चौड़ीकरण के लिए भूमि की पैमाइश कराने और मुआवजे की धनराशि उपलब्ध कराने को लेकर लोक निर्माण विभाग ने उपजिलाधिकारी सदर को पत्र भेजा था। वहीं, कुछ लोग निरंतर जनसुनवाई के माध्यम से सीएम को पत्र भेजकर रोडवेज बस चलाने की मांग करते रहे। इसी क्रम में परिवहन निगम के उच्चाधिकारियों के निर्देश पर एआरएम अरुण कुमार वाजपेयी ने बीते 21 अगस्त को दोबारा मार्ग का सर्वे कराया। सर्वे सफल होने पर बस का संचालन शुरू हो गया है।
इस बाबत एआरएम अरुण कुमार वाजपेयी ने बताया कि कोपागंज-भातकोल मार्ग का दोबारा सर्वे कराने के बाद बस का संचालन शुरू करा दिया गया है।