वलीदपुर। मुहम्मदाबाद गोहना के टाउन इंटर कॉलेज के पास शनिवार की देर रात आजमगढ़ से मऊ जा रही मऊ डिपो की बस अचानक खराब हो गई। इसके चलते यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। मऊ डिपो की बस 25 यात्रियों को लेकर आजमगढ़ से मऊ के लिए रवाना हुई थी।
अभी मुहम्मदाबाद गोहना पहुंची ही थी कि एयरडार असेंबली खराब होने से बीच रास्ते में बस रुक गई। चारों पहियों को हवा देने के लिए एयरडार असेंबली लगाई जाती है। इससे बस के पहियों को हवा मिलती है। चालक और परिचालक ने इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को दी। कुछ देर बाद मऊ डिपो से दूसरी बस भेजकर यात्रियों को मऊ पहुंचाया गया। आजमगढ़ परिक्षेत्र के यातायात निरीक्षक सच्चिदानंद राय ने बताया कि चालक और परिचालकों को डिपो से बस लेकर निकलने से पहले पूरी जांच करने की हिदायत दी जाती है। इससे यात्रियों को परेशानी न हो सके।