नगर के रोडवेज परिसर में हो रहा निर्माण कार्य।संवाद
- फोटो : MAU
मऊ। नगर स्थित रोडवेज का चल रहा सुंदरीकरण कार्य की समयसीमा बीतने के दो माह बाद भी पूरा नहीं किया जा सका है। इसके चलते रोडवेज बसों का ठहराव मुख्य मार्ग पर होने से जाम लग रहा है। इससे लोगों को गंतव्य तक पहुुंचने में काफी समय लग जा रहा है। कब तक कार्य पूरा हो जाएगा। आला अधिकारी समय सीमा बताने को तैयार नहीं हैं। एआरएम ने कार्यदायी संस्था सीएनडीएस को नोटिस जारी किया है। उप्र परिवहन निगम के मऊ डिपो के सुंदरीकरण कार्य धीमी गति से चलने से आम लोगों की मुश्किलें बढ़ती जा रही है। सुंदरीकरण कार्य के लिए शासन से कार्यदायी संस्था सीएनडीएस को तीन करोड़ रुपये स्वीकृत हो गए हैं। मार्च 2022 तक निर्माण कार्य पूरा हो जाने की समय सीमा निर्धारित की गई थी। शासन की तरफ से दो करोड़ रुपये जारी कर दिए गए हैं, लेकिन अभी निर्माण कार्य आधा अधूरा ही है। सुंदरीकरण कार्य में बफर स्ट्रीप्ट, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, बाहरी प्रकाश व्यवस्था, पंप हाउस आदि निर्माण कार्य होना है। निर्माण कार्य अधर में लटकने से मऊ डिपो सहित विभिन्न डिपो की बसें प्रमुख मार्ग के दोनों पटरियों पर खड़ी हो रही हैं। इससे जहां यात्रियों को बस के आने का पता नहीं चल रहा है तो वहीं सड़क पर जाम लग जाने से आवागमन में बाधा आ रही है। अधिकारियों की मानें तो निर्माण कार्य कराने के हिसाब से ही बजट जारी होता है। कोपागंज से आए महेंद्र राजभर, सूर्यनाथ सिंह, परदहां से जर्नादन प्रसाद, श्रीराम यादव ने बताया कि बस स्टेशन का सुंदरीकरण कार्य अधर में लटकने से यात्री सुविधाओं का अभाव हो गया है। बसों के सड़क के दोनों पटरियों पर खड़ी रहने से बसों के आने जाने का पता नहीं चल रहा है। जबकि जाम से आवागमन में दुश्वारियां आ रही हैं। कब तक सुंदरीकरण कार्य पूरा होगा आला अधिकारी बताने को तैयार नहीं हैं। एआरएम रमेश चंद्र ने बताया कि रोडवेज बस स्टेशन के सुंदरीकरण कार्य की समय सीमा मार्च 2022 तक निर्धारित की गई थी। बजट भी जारी हो गया है। कार्यदायी संस्था को कार्य जल्द पूरा करने का नोटिस जारी किया गया है। जबकि कार्यदायी संस्था सीएनडीएस के अवर अभियंता कमलेश कुमार का कहना है कि मऊ डिपो के कैंपस में चल रहा निर्माण कार्य 90 प्रतिशत पूरा हो गया है। बाकी बचे काम को 10 दिन में पूरा कर लिया जाएगा।
नगर के रोडवेज परिसर में हो रहे निर्माण कार्य के कारण बाहर खड़ी बसें,जिससे जाम की हो रही समस्या।पर?- फोटो : MAU