कोपागंज ब्लाक में बदहाल इकौना मार्ग।संवाद
- फोटो : MAU
मऊ/कोपागंज। विकास खंड कोपागंज के चार किमी लंबे निजामुद्दीनपुर-एकौना मार्ग का टेंडर होने के एक वर्ष बाद भी मरम्मत कार्य पूरा नहीं हो सका है। लोक निर्माण विभाग तथा जेपी कंस्ट्रक्शन के बीच खींचतान चल रही है। मानसून नजदीक है ऐसे में बारिश हुई तो छह गांवों का सपंर्क आपस में टूट जाएगा। निजामुद्दीनपुर-एकौना मार्ग की मरम्मत के लिए अप्रैल 2021 में तीस लाख का टेंडर निकाला गया था। उसी दौरान फोरलेन निर्माण की कार्यदायी संस्था जेपी कंस्ट्रक्शन ने मिट्टी ढुलाई का कार्य शुरु कर दिया। दो माह तक ग्रामीण सड़क से ओवरलोड डंपरों से मिट्टी की ढुलाई होती रही। इससे जोगरी गांव से लेकर चौबेपुर मठिया तक करीब पांच सौ मीटर सड़क क्षतिग्रस्त हो गई। टेंडर के एक वर्ष बाद कार्य शुरु होने के बाद करीब डेढ़ किमी सड़क मरम्मत भी की गई। उस समय भी जेपी के द्वारा अनमोल ट्रेडर्स को मिट्टी की ढुलाई का कार्य दिया गया था। उधर, गुस्साए ग्रामीण अब सड़क की मरम्मत न होने पर आंदोलन और घेराव का मन बना रहे हैं। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता जितेंद्र सिंह ने बताया कि बजट का आवंटन मरम्मत के लिए है। कम बजट होने से क्षतिग्रस्त सड़क को सही कराने में धन की कमी आ रही है। जेपी कंस्ट्रक्शन का भी रुख साफ नहीं है। इस बजट को सरेंडर कर निर्माण के बजट की मांग की जाएगी। इसमें एक से दो वर्ष का समय लग सकता है।