रतनपुरा रतनपुरा बाजार की पोखरी के भींटे पर अतिक्रमण के विरुद्ध आवाज लंबे समय से उठ रही है। परंतु विभागीय अधिकारियों की उदासीनता के चलते आज तक इस पर प्रभावी कार्यवाही नहीं हो सकी थी। सामाजिक कार्यकर्ता मनोज कुमार मद्धेशिया ने जब मुख्यमंत्री के पोर्टेल पर शिकायत की तो उम्मीद की किरण दिखी। मनोज कुमार मद्धेशिया के प्रार्थना पत्र पर जिलाधिकारी ने तहसीलदार से रिपोर्ट तलब की। तहसीलदार ने राजस्व निरीक्षक को भूमि की पैमाईश कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया। राजस्व निरीक्षक गोविंद गुप्ता ने लेखपाल के साथ नक्शे और स्थलीय स्थिति का अपनी रिपोर्ट तहसीलदार सदर को प्रेषित कर दी है। 24 जून को राजस्व निरीक्षक ने प्रेषित रिपोर्ट में कहा है कि गाटा संख्या 249,250, 251 गलत तरीके से राजस्व अभिलेख में दर्ज कर अतिक्रमण किया गया है । तहसीलदार ने भी अपनी रिपोर्ट इस संबंध में उप जिलाधिकारी सदर को प्रेषित कर दी है। अब लोगों को इस बात की आशा जगी है कि पुरातन महत्व का प्राचीन पोखरा शीघ्र ही अतिक्रमण मुक्त होगा। स्थानीय लोगों ने संबंधित प्रशासन से इस संबंध में त्वरित कार्रवाई करते हुए अति शीघ्र अतिक्रमण हटाए जाने की आवाज उठाई है। बाजार के लोगों ने इस प्रकरण को संज्ञान में लेते हुए त्वरित कार्यवाही के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को धन्यवाद ज्ञापित किया है। इस संबंध में तहसीलदार सदर संजीव कुमार यादव का कहना है कि रिपोर्ट के आधार पर उच्चाधिकारियों के दिशानिर्देश पर बेदखली का कार्रवाई की जाएगी।