चिरैयाकोट। स्थानीय नगर पंचायत से सरसेना-सलहाबाद-बढ़ुआ गोदाम 35 किलोमीटर मार्ग दो दशक से मरम्मत की बाट जोह रहा है।लोक निर्माण विभाग की उदासीनता के चलते यह सड़क बदहाल है। राहगीर दिन में तो बचते बचाते निकल जाते हैं।लेकिन रात के समय इस सड़क पर चलना खतरों भरा है। यह मार्ग सिर्फ कहने को पक्की सड़क है। सड़क पर सिर्फ नुकीले पत्थर व बड़े-बड़े गड्ढे हैं। जिसमें बरसात का पानी भर जाने से अवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इस सड़क से हर रोज हजारों लोग आवागमन करते हैं। रवींद्र राय, अशोक राय, मंगल यादव, रामबचन यादव, सुशील कुमार, पवन कुमार आदि क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि लोग निर्माण विभाग ढाई दशक पूर्व इस सड़क को बनाकर भूल गया है। बनने के पांच साल बाद ही सड़क की गिट्टियां उखड़ने लगी थीं। ढाई दशक बीत गए लेकिन अब तक इस सड़क की एक बार भी मरम्मत नहीं हुई है। आए दिन दो पहिया और चार पहिया वाहनों के पहिये पंचर हो जाते हैं। रात के समय आए दिन इस सड़क पर बाइक सवार गिरकर हादसे का शिकार होते रहते हैं।