घोसी। घोसी कोतवाली परिसर में बृहस्पतिवार की देर शाम को उपजिलाधिकारी घोसी सुरेश कुमार तथा एएसपी त्रिभुवननाथ त्रिपाठी की अध्यक्षता में व्यापारियों की बैठक आयोजित हुई। इसमें अधिकारियों ने अपील की कि दुकानदार सड़क किनारे किए गए अस्थायी अतिक्रमण स्वयं हटा लें और सामान दुकान के अंदर रखें। साथ ही चेताया कि अगर किसी दुकानदार का सामान सड़क किनारे रखा मिलता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। बैठक में कहा गया कि प्रदेश सरकार की मंशा के अनुसार नगर के व्यस्त स्थानों से जाम के साथ भीड़भाड़ से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जरूरी है कि सड़क से हटकर सब्जी, फल, मुर्गामीट की दुकानों को अन्य स्थानों पर स्थापित किया जाय। इसमें आप सभी दुकानदार भाइयों का सहयोग जरूरी है। नगर के विभिन्न स्थानों पर जगह चिन्हित कर वहा पर सब्जी,फल आदि का दुकान लगाने वालों को स्थापित किया जाएगा। इसी तरह से मछली, मुर्गामीट की दुकानों को भी जगह दी जाएगी। सभी को हर हाल में चिह्नित स्थान पर ही दुकान लगानी होगी। सभी व्यापारी/दुकानदार अपनी दुकानों के अंदर ही सामान रखें न कि बाहर सड़क या इंटरलॉकिंग पर। ऐसा पाए जाने पर नगर पंचायत प्रशासन द्वारा जब्त कर लिया जाएगा। कहा कि सड़क किनारे गुमटी, ठेला आदि एक ही स्थान पर लगाने वाले दुकानदारों के खिलाफ भी कार्रवाई होगी। उपजिलाधिकारी सुरेश कुमार ने इओ विनीत कुमार और उपस्थित राजस्वकर्मियों को निर्देश दिया कि इसका पालन सुनिश्चित कराया जाए। कोतवाल नागेश उपाध्याय ने व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ घोसी संघर्ष समिति के लोगों से अपील की है कि छोटे दुकानदारों, गुमटी ठेले वालों को जागरूक करें ताकि वे प्रशासन के निर्देशों को क्रियान्वयन में भरपूर सहयोग करें। बैठक में ईओ विनीत कुमार, कोतवाल नागेश उपाध्याय, अजय त्रिपाठी, शिवेंद्र राय, सर्वेश मणि त्रिपाठी, पंकज कुमार, अरविंद पाण्डेय, अंसार खान,अभय तिवारी,अनिल मिश्रा, राजीव रस्तोगी,प्रशांत गौड़, उमेश मिश्रा आदि उपस्थित रहे।