मऊ में सरायलखंसी थाना क्षेत्र के बडागांव निवासी एक महिला ने रविवार को पुलिस को तहरीर देकर दो लोगों पर 306, 420 का मुकदमा दर्ज कराया है। महिला ने पुलिस को दिए तहरीर में गांव निवासी दो लोगों पर अपनी जमीन की रजिस्ट्री का 66 लाख रुपये की ठगी और पुत्र की साजिशन हत्या का आरोप लगाया है।
दर्ज मुकदमे के अनुसार सरायलखंसी थाना क्षेत्र के बड़ागांव निवासी पूनम राय पत्नी रामाश्रय राय ने बताया कि उसके पति रामाश्रय राय ने 2021 में गांव स्थित अपनी जमीन को ध्यान यादव को 66 लाख रुपये में बेच दिया था। जिसका सौदा गांव के पद्माकर राय पुत्र लक्ष्मी शंकर राय ने कराया था। जमीन बैनामा होने के बाद पद्माकर राय ने मेरे पति को घर भेज दिया और मेरे पुत्र अंकू को बहला-फुसलाकर 66 लाख रुपये अपने पास रख लिया। परिवार को इस बात का पता चला तो पैसे की मांग की गई तो आज कल कहकर टालने लगा। 2022 में पुत्री की शादी तय हुई तो बहुत दबाव के बाद पद्माकर राय ने 10 लाख का चेक दिया, दुबारा पैसे के लिए दबाव बनाने पर पद्माकर राय और उसका पूरा परिवार मेरे पुत्र अंकू पर तरह-तरह से प्रताड़ित करने लगा।
up police demo
- फोटो : फाइल फोटो
बताया कि बीते 16 फरवरी को मेरे मोबाइल पर एक महिला का फोन आया और उस महिला ने मुझसे कहा कि जाकर देखो तुम्हारा लड़का कमरे में क्या कर रहा है। उसी वक्त जब अपने पुत्र के कमरे में गई तो दरवाजा बंद था शोर मचाने पर अगल-बगल के लोगों इकट्ठा हो गए दरवाजा खोलने पर अंकू फंदे पर लटका हुआ था और उसकी मौत हो गई थी। इस संबंध में थाना प्रभारी सुनील सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर अमित राय उर्फ पद्माकर राय और उनकी पत्नी नीतू राय के खिलाफ धारा 306, 420 में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।