मऊ। जिले में अक्तूबर माह का बुधवार का दिन स्वास्थ्य विभाग के लिए विशेष राहत भरा दिन साबित हुआ। कोरोना संक्रमण काल में बीते चार माह के बाद पहला दिन ऐसा रहा, जब केवल तीन मरीज मिले। इसमें दो मरीज एंटीजेन टेस्ट तथा एक ट्रूनाट जांच में मिला। सीएमओ डॉ. सतीशचंद्र सिंह ने बताया कि बुधवार को 1084 लोगों का एंटीजेन टेस्ट किया गया। इसमें दो लोग जबकि एक जिला अस्पताल में ट्रूनाट जांच में एक व्यक्ति संक्रमित मिला। संक्रमित मरीजों में एक किन्नपुर से एक, दौलेसपुर से एक तथा परदहा से एक मरीज मिला है। अब कुल मरीजों की संख्या 2471 हो चुकी है। जिसमें 2242 मरीज ठीक हो चुके है। जबकि 29 मरीजों की मौत हो चुकी है, वहीं 200 सक्रिय मरीज है। सीएमओ ने बताया कि 68 हजार 532 की जांच कराई गई। इसमें 1403 लोग संक्रमित मिले है। वही 45 हजार 561 का सैंपल लैब में भेजा गया, इसमें 41 हजार 875 की रिपोर्ट मिली, जिसमें 40 हजार 867 की रिपोर्ट निगेटिव है। वहीं 3 हजार 686 की रिपोर्ट प्रतीक्षारत है।