घोसी कोतवाली क्षेत्र के सेमरी जमालपुर स्थित अदरी-मधुबन शहीद पर सड़क हादसे में मृत युवक के परिजनों और ग्रामीणों ने शव रखकर जाम लगा दिया। ऐसे में करीब दो घंटे तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा। सूचना पर एसडीएम घोसी और सीओ घोसी घटनास्थल पर पहुंचे और परिजनों को आश्वासन देकर जाम हटवाया। उधर, जाम से क्षेत्र में काफी देर तक आवागमन बाधित रहा। जानकारी के अनुसार, सेमरी जमालपुर निवासी धर्मेंद्र राजभर 22 सोमवार की शाम गांव लौटते समय बाइक की टक्कर से घायल हो गया था। मौके पर उसकी मौत हो गई थी। मंगलवार की दोपहर पीएम के बाद पुलिस ने परिजनों को शव सौंपा। घटना से नाराज परिजनों ने शाम पांच बजे शव को सेमरी जमालपुर स्थित अदरी मधुबन शहीद मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया। चक्काजाम होने से दोनों ओर वाहनों की रफ्तार थम गई, मुख्य मार्ग होने के चलते कुछ देर में ही दोनों ओर सड़क के ओर जाम की स्थिति होने लगी। इसकी जानकारी मिलने पर कोतवाल अनिलचंद्र तिवारी पुलिस बल के साथ पहुंचे और परिजनों को जाम समाप्त करने की बात कही, लेकिन परिजन हादसे के आरोपी बाइक चालक की गिरफ्तारी और मुआवजा की मांग पूरी होने तथा डीएम के आने के बाद ही हटने की जिद में पर अड़े रहे। इसकी जानकारी पर एसडीएम सुरेश कुमार तथा घोसी सीओ उमाशंकर उत्तम घटनास्थल पर पहुंचे और परिजनों को उचीत कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया।