मधुबन। मधुबन तहसील क्षेत्र के सलेमपुर रामपुर में कूटरचित दस्तावेज के आधार पर सरकारी भूमि पर विद्यालय का निर्माण कराकर मान्यता लेने का मामला सामने आया है। आरोप है कि रसूलपुर आदमपुर उर्फ रामपुर निवासी एक व्यक्ति ने कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर हाईस्कूल, इंटरमीडिएट कालेज, प्राथमिक विद्यालय, जूनियर हाईस्कूल का निर्माण करा लिया।
उपजिलाधिकारी की जांच आख्या के अनुसार एक ही गाटा संख्या पर सभी विद्यालय बनाए गए हैं। जांच में स्पष्ट है कि मान्यता के समय इन विद्यालयों के नाम भूमि नहीं थी । मान्यता लेने के बाद अलग-अलग तिथियों में भूमि क्रय की गई। इस प्रकरण को प्रशासन ने गंभीरता से लेते हुए सभी निर्मित विद्यालयों की मान्यता निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इस बाबत उपजिलाधिकारी मधुबन अवधेश चौहान ने कहा कि कूटरचित दस्तावेज प्रस्तुत कर सभी विद्यालयों की मान्यता ली गई थी। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित विद्यालयों के प्रबंधक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।