मऊ। नया शिक्षा सत्र शुरू हुए 75 दिन बीत गए, लेकिन यू डायस पोर्टल पर बेसिक शिक्षा विभाग से संबद्ध बहुत से विद्यालयों का डाटा अपलोड नहीं किया गया है। बेसिक शिक्षा विभाग ने इस मामले में 79 विद्यालयों की मान्यता रद्द करने का नोटिस जारी किया है। इससे 17 हजार विद्यार्थियों के भविष्य पर असर पड़ सकता है।जिले में बेसिक शिक्षा विभाग से संबद्ध 2584 विद्यालय हैं। शासन की ओर से फर्जीवाड़ा रोकने, स्कूलों को सीधे जोड़ने के लिए यू डायस पोर्टल विकसित किया गया है। सत्र के आरंभ में ही स्कूलों को उपलब्ध सुविधाएं, शिक्षकोंं की संख्या, शैक्षिक योग्यता, बच्चों की प्रोफाइल आदि का ब्योरा पोर्टल पर अपलोड करने का निर्देश दिया गया था। शिक्षासत्र शुरू होने के 75 दिन बाद भी 79 विद्यालयों ने पोर्टल पर डाटा अपलोड नहीं किया है। इस पर विभाग ने बालिका उमा विद्यालय रतनपुरा, किसान अंबेडकर पाठशाला विभौली, मां कौशिल्या जनता स्कूल, कृष्णा जनता मेमो स्कूल, कमला सिंह स्मारक यूएमवी स्कूल सद्दोपुर, बाबा घनश्याम दास किसान प्राथमिक स्कूल माहपुर समेत 79 विद्यालयों के प्रबंधन को नोटिस जारी कर 20 जून तक की मोहलत दी है। इसके बाद सही जवाब न देने या डाटा अपलोड न करने पर इन विद्यालयों की मान्यता रद्द कर दी जाएगी। विद्यालयों की मान्यता रद्द होती है तो 17 हजार बच्चों के भविष्य पर असर पड़ सकता है।