कोपागंज थाने में आयोजित बैठक में अपनी बात रखते सपा नेता अल्ताफ अंसारी।
- फोटो : MAU
कोपागंज। लॉकडाउन में नगर पंचायत के 17 वार्डों के लोगों को डोर टू डोर राशन पहुंचाया जाएगा। ऐसा कोटे की दुकानों पर भीड़ होने के मददेनजर उठाया गया है। कोटेदार राशनकार्ड धारकों से उनका कार्ड जमा कराएंगे और उसके बाद घरों तक राशन पहुंचाया जाएगा। हाटस्पाट को ध्यान में रखते हुए थाने पर आयोजित बैठक में लोगों से सुझाव मांगे गए और कुछ निर्णय लिए गए। थाने में हॉटस्पाट प्रभारी अनुराग सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई बैठक में बताया गया कि हाट स्पाट क्षेत्र में होम डिलीवरी के लिए 60 दुकानदारों को पास दिया गया। जो लोगों को घर जाकर सामान दे रहे हैं। बफर जोन में भी कोई दिक्कत ने हो इसके लिए भी लोगों से सुझाव मांगे गए। सपा नेता अल्ताफ अंसारी ने कहा कि बैंक बंद होने से लोग अपना पैसा नही निकाल पा रहे है। इसके लिए जरूरी है कि इलाकों में मोबाइल एटीएम की व्यवस्था की जाए। ताकि लोग धनराशि निकाल सकें। वहीं भाजपा नेता अखिलेश तिवारी ने कहा कि पशु आहार और विद्यार्थियों के किताबों की उपलब्धता पर भी प्रशासन गौर करे। ताकि जिन पशुओं को भोजन नहीं मिल पा रहा उनकी व्यवस्था हो सके और छात्र-छात्राओं को पढ़ने के लिए पुस्तकें आदि दिलाई जा सकें। उधर, अनुराग सिंह ने कोटेदारों से बैठक के दौरान राशन वितरण के बारे में जानकारी ली और कोटे की दुकानों पर भीड़ कम करने के लिए डोर टू डोर राशन पहुंचाने पर विचार विमर्श किया। तय हुआ कि नगर पंचायत के 17 वार्डों में कोटे की दुकानों से दिया जाने वाला राशन क्यों न कार्डधारकों के घरों तक पहुंचाया जाए। तय हुआ कि कोटेदार राशनकार्ड धारकों से उनका कार्ड जमा करा लें और उसी हिसाब से डोर टू डोर राशन पहुंचाने की व्यवस्था करें। ऐसे में कोटे की दुकानों पर भीड़ नहीं होगी और अपने आप सोशल डिस्टेंसिंग का उल्लंघन भी नहीं होगा। बैठक में हॉट स्पॉट क्षेत्राधिकारी अखिलेश कुमार, अधिशासी अधिकारी जयप्रकाश यादव, थानाध्यक्ष विनय कुमार सिंह, साक़ीम बिन हेलाल, अरशद निसार मेंहदी आदि उपस्थित रहे।