रतनपुरा ब्लॉक मुख्यालय से इटैली कुड़सर को जोड़ने वाला रेलवे लिंक मार्ग बदहाल हो गया है। सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे होने से राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इन गड्ढों में गिरकर आए दिन दोपहिया वाहन चालक और स्कूली बच्चे चोटिल हो रहे हैं। यह मार्ग लगभग आठ वर्ष पहले रेलवे द्वारा फाटक संख्या 23 बंद करने के बाद बनाया गया था। प्लेटफॉर्म विस्तार के कारण फाटक बंद किया गया था। यह सड़क बलिया जनपद के अतरौली, करमौता, निकासी, मलप, नगरा सहित कई गांवों को जोड़ती है। राजवंशी चौहान, संजय सिंह, सुरेश चौहान सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि सड़क की मरम्मत के लिए संबंधित विभाग को कई बार शिकायतें दी गई हैं। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं थी। इस संबंध में स्थानीय रेलवे अधिकारियों से जानकारी ली जाएगी। संवाद