मऊ- आजमगढ़ मार्ग पर फोरलेन निर्माण में मुहम्मदाबाद गोहना रेलवे स्टेशन के सामने रेलवे की तरफ से अड़ंगा लगाने से यहां सड़क का निर्माण पिछले चार वर्षों से रुका हुआ है। लगभग 600 मीटर विवादित सड़क का निर्माण न होने से आवागमन मेंकाफी समस्या हो रही है। इस मार्ग पर सड़क ना बनने के कारण वाहन दुर्घटनाओं में तीन लोगों की जान जा चुकी है, जबकि दर्जनों लोग दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं। इतना ही नहीं बारिश के समय में रेलवे क्वार्टर में पानी भरने से रेलवे कर्मचारियों को परशानी उठानी पड़ती है। रेलवे प्रशासन का कहना है कि रेलवे की जमीन का जबतक मुआवजा नहीं मिलता निर्माण की मंजूरी नहीं दी जाएगी। कुछ माह पहले इसी स्थान पर आगनबाड़ी कार्यकर्ती की गाड़ी फिसलने से ट्रक के चपेट में आकर मौत हो गई। इसी प्रकार ट्रक के चपेट में आने से एक युवक की भी मौत हो चुकी है। इस स्थान पर रेलवे स्टेशन, तहसील और ब्लॉक मुख्यालय है। पूर्व जेडआरसीसी सदस्य शाह आलम कुरैशी ने बताया कि मामला उत्तर प्रदेश सरकार और रेल मंत्रालय के बीच है। वहां से किसी निर्णय के बाद ही इसका निर्माण हो सकेगा।