मऊ। यूपी बोर्ड हाईस्कूल, इंटरमीडिएट परीक्षा शुरू होने में नौ दिन ही शेष हैं, लेकिन परीक्षा को नकलविहीन कराने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। शनिवार को कड़ी सुरक्षा के बीच संकलन केंद्र पर बोर्ड प्रश्नपत्रों की खेप पहुंची। सभी प्रश्न पत्रों के बंडलों को कड़ी सुरक्षा के बीच स्ट्रांग रूम में रखवाया गया। प्रश्न पत्रों की सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। यूपी बोर्ड हाईस्कूल, इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए इस वर्ष नगर स्थित तालीमुद्दीन इंटर कॉलेज को संकलन केंद्र बनाया गया है। बोर्ड से आए बोर्ड प्रश्नपत्रों की खेप को स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखवाया गया। यहां 24 घंटे सीसी कैमरों से इनकी निगरानी होगी। स्ट्रांग रूम में कड़ी सुरक्षा के बीच तीन तालों के बीच प्रश्न पत्रों को रखा जाएगा। यहां 24 घंटे पुलिस बल की तैनाती रहेगी। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में परीक्षा केंद्रों को प्रश्नपत्र भेजा जाएगा। इसके पूर्व संकलन केंद्र से भेजी गई बोर्ड उत्तरपुस्तिकाओं को परीक्षा केंद्रों के स्ट्रांग रुम में रखवा दिया गया हैं। जिलास्तरीय और बोर्ड के कंट्रोल रूम से स्ट्रांग रूम की 24 घंटे ऑनलाइन निगरानी की जा रही है। इसके लिए तीन शिफ्ट में कर्मचारियोें की भी तैनाती की गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक वीपी सिंह का कहना है कि कंट्रोल रूम से परीक्षा केंद्रों के स्ट्रांग रुम की 24 घंटे ऑनलाइन निगरानी की जा रही है।