मुहम्मदाबादगोहना। संपूर्ण समाधान दिवस पर जिलाधिकारी के पहुंचने की सूचना पर पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल सैकड़ों अभ्यर्थी हाथों में तख्ती और बैनर लेकर पुलिस परीक्षा में धांधली और पेपरलीक होने का आरोप लगाने लगे और पुनः परीक्षा कराने की मांग करने लगे।
इस दौरान पूरी परीक्षा फिर से कराने के संबंध में उपजिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सौंपा। अभ्यर्थियों के हंगामा को देखते हुए उन्हें तहसील के मुख्य गेट पर ही रोक दिया गया। नायब तहसीलदार ने मौके पर जाकर प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर उनकी मांग को ऊपर पहुंचाने का आश्वासन दिया।
इस संबंध में अभ्यर्थियों का आरोप था कि 17 और 18 फरवरी को हुई परीक्षा की चारों परियों के पहले ही पेपरलीक हो गया था। पेपर लीक करने वालों ने लाखों रुपये वसूल किए हैं। ऐसे में गरीब और मेधावी छात्रों को इस भर्ती से वंचित होना पड़ेगा। जिलाधिकारी के निर्देश पर नायब तहसीलदार गौरव शाह मौके पर पहुंचे और उन्होंने अभ्यर्थियों की मांग पत्र को लेकर इसे संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। प्रदर्शन करने वालों में प्रमुख रूप से अजय आजाद यादव, आयुष कुमार, दुर्गेश कुमार सहित सैकड़ों अभ्यर्थी शामिल रहे।
इनसेट
70 प्रार्थना पत्र के सापेक्ष चार का निस्तारण
स्थानीय तहसील परिसर में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन मंगलवार को जिलाधिकारी प्रवीण मिश्रा के अध्यक्षता में आयोजित हुआ। जिसमें विभिन्न समस्याओं से संबंधित 70 प्रार्थना पत्र दिए गए। मात्र चार प्रार्थना पत्रों का निस्तारण हुआ।
लेखपाल के गलत रिपोर्ट से दिव्यांग की किसान सम्मान निधि बंद
सूरजपुर। दोहरीघाट ब्लॉक अंतर्गत सूरजपुर गांव के जीउतबंध पांडेय पुत्र इनराशन पांडेय विकलांगता से ग्रसित हैं। जीवनयापन करने के लिए काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। किसान सम्मान निधि पेंशन मिलने लगा। जिससे इलाज और गुजर-बसर होता था। वहीं विगत वर्ष पूर्व भूमि सत्यापन के लिए क्षेत्रीय लेखपाल के पास आया था। लेखपाल ने भूमिहीन का रिपोर्ट लगा दिया, जबकि उनके पास जमीन है। इसके कारण लगभग 16 माह से किसान सम्मान पेंशन बंद हो गया। मांग किया कि जांच के उपरांत उन्हें अगर न्याय नहीं मिला तो इसको लेकर वह आगे जिला अधिकारी तथा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम भी पत्र भेजने का कार्य करेंगे।