अमिला। बड़राव ब्लॉक क्षेत्र के बोझी-अतरसावा मार्ग से माधोपुर दुर्गा मंदिर तक चल रहे घटिया सड़क निर्माण के विरोध में ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। साथ ही विभागीय अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की। बोझी-अतरसावा मार्ग गड्ढे में तब्दील हो गया है। सड़क पर वाहन से चलना तो दूर पैदल चलना मुश्किल हो रहा है। ग्रामीणों की मांग पर बोझी अतरसांवा मार्ग से माधोपुर दुर्गामंदिर तक शासन की तरफ से 1200 मीटर सड़क का निर्माण कार्य कराने की स्वीकृति मिली। सड़क निर्माण कार्य शुरू हुआ तो लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई, लेकिन सड़क निर्माण कार्य में घटिया सामग्री प्रयोग किए जा रहा है। ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों को अवगत कराया, मामले को गंभीरता से नहीं लेने पर ग्रामीण भड़क गए। गुस्साए ग्रामीणों ने जमकर नारेबाजी कर जात लगा दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि कार्यदायी संस्था द्वारा 1200 मीटर के बजाय एक हजार मीटर ही निर्माण कार्य कराया जा रहा है। गिट्टी के बाद पिचिंग लेपन कार्य में घटिया सामग्री का प्रयोग किया जा रहा है। शिकायत के बाद भी जांच तक नहीं कराया जा सका है। चेताया कि सड़क मानक के अनुरुप निर्माण कार्य नहीं कराया गया तो आंदोलन तेज किया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में दुर्गा प्रसाद द्विवेदी, दयाशंकर द्विवेदी, उमाशंकर दुबे, धर्मेश उपाध्याय, शिव प्रसाद गिरी, सत्यराम, भृगुनाथ आदि शामिल रहे। इस बाबत अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी एमके ठाकुर ने बताया कि सड़क निर्माण कार्य मानक के अनुरुप कराया जा रहा है।