मऊ। जिले के वन देवी धाम क्षेत्र में जैव विविधता संरक्षण के जरिए पर्यटन को बढ़ावा देने की कोशिश को आखिरकार शासन से हरी झंडी मिल ही गई। अप्रैल माह में जिले से वन देवी धाम में पार्क बनाने के लिए भेजे गए प्रस्ताव को मंगलवार को शासन ने कैबिनेट की बैठक में हरी झंडी दे दिया। इससे जिले में पर्यटन के साथ-साथ रोजगार को बढावा मिलेगा। मंत्री बनने के बाद पहली बार मऊ आने के साथ वन मंत्री दारा सिंह चौहान ने जिले में पार्क आदि को बढ़ावा देने के लिए प्रस्ताव बनाकर भेजने का आदेश जिला वन विभाग के अधिकारी को दिया था। इसी क्रम में अप्रैल माह में 24 करोड़ का प्रस्ताव बनाया गया। इसमें 100 एकड़ की जमीन पर वनदेवी धाम क्षेत्र में पार्क बनाने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया। इसमें पार्क के साथ-साथ मिनी जू भी स्थापित करना शामिल है। वन विभाग के प्रस्ताव को सूबे की सरकार ने संज्ञान में लिया। साथ ही मंगलवार को संपन्न हुई कैबिनेट की बैठक में इसे हरी झंडी दे दी। शासन के इस प्रयास से मऊ जिले में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। जिले का वनदेवी धाम वह स्थल है, जहां पर जिले के लोग हर शुभ अवसरों पर पहुंचकर माता के दरबर में माथा टेकते हैं। तत्कालीन जिला वन अधिकारी एके पांडेय ने बताया कि वन देवी धाम पर लगने वाली भीड़ को देखते हुए यह प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। साथ ही यह क्षेत्र वानकी क्षेत्र है। यहां पर प्रस्ताव बनाने के पीछे मकसद था, कि पहले से विभाग के पास पर्याप्त जमीन है। प्रस्ताव में पार्क के स्वरूप को डेवलप करने के साथ-साथ बाउंड्री वाल बनाया जाएगा, अंदर के हिस्से को नेचुरल डेवलपमेंट के साथ-साथ वाकिंग ट्रैक, सिंटिंग हट, पेयजल, शौचालय आदि का निर्माण कराया जाएगा। ताकि बाहर से आने वाले पर्यटकों को दिक्कतों का सामना न करना पड़ें।